- सुबह 11 बजे से आठ घंटे तक आक्रोशित लोगों ने अनगाड़ थाने का किया घेराव

- कई बाद रांची-मुरी मार्ग को किया जाम, बार-बार लोगों को हटाती रही पुलिस

सिरका के रतन महतो हत्याकांड के आरोपितों की गिरफ्तारी व ग्रामीण एसपी नौशाद आलम को बुलाने की मांग को लेकर उग्र भीड़ ने अनगड़ा थाना का घेराव किया। शव के साथ विरोध-प्रदर्शन करते हुए रांची-मुरी मार्ग को जाम कर दिया। सुबह आठ बजे से ही सिरका, चिलदाग, हेसल, अनगड़ा, नारायण सोसो सहित अन्य गांवों की महिलाएं व पुरुष अनगड़ा थाना के सामने जमा होने लगे थे। इधर सुबह ही अनगड़ा थाना पुलिस ने मृतक रतन महतो के शव को पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया था। आक्रोशित ग्रामीणों ने सुबह 11 बजे से आठ घंटे से अधिक समय तक अनगड़ा थाने का घेराव किया। पुलिस उग्र भीड़ को समझाती रही। कई बार पुलिस व लोगों के बीच धक्कामुक्की भी हुई। भीड़ द्वारा रांची-मुरी मार्ग को भी जाम किया जाता रहा और पुलिस जाम को हटवाती रही।

शव के साथ जाम

पोस्टमार्टम के बाद शाम को शव को लेकर पहुंचे वाहन को बीच सड़क पर रखकर रांची-मुरी मार्ग को एक बार फिर जाम कर दिया गया। एक घंटा मार्ग पूरी तरह से जाम रहा। सिल्ली डीएसपी क्रिस्टोफर केरकेट्टा, अनगड़ा बीडीओ उत्तम प्रसाद, अनगड़ा इंस्पेक्टर राजकुमार यादव, अनगड़ा थानेदार ब्रजेश कुमार ने उग्र भीड़ को समझा-बुझाकर जाम को हटवाया। निर्णय हुआ किए शनिवार 4 सितंबर को ग्रामीण एसपी नौशाद आलम सिरका के ग्रामीणों के साथ बैठक करेंगे। इस मौके पर जिला परिषद उपाध्यक्ष पार्वती देवी, भाजपा जिलाध्यक्ष सुरेन्द्र कुमार महतो, भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष जैलेन्द्र कुमार सिरका, मुखिया अनिता देवी, भाजपा अनगड़ा मंडल अध्यक्ष रामनाथ महतो, सांसद प्रतिनिधि कामेश्वर महतो, कुरमी विकास मोरचा के नेता रामपोदो महतो, आजसू नेता रौशनलाल मुंडा, आजसू के अनगड़ा प्रखंड सचिव धर्मेन्द्र सिंह, कांके आजसू प्रखंड अध्यक्ष राजन मुंडा, भाजपा नेता दुर्गा महतो, सुरेश महतो, सुनील महतो, आतिश महतो सहित अन्य उपस्थित थे।

क्या है मामला

विगत 29 अगस्त से सिरका निवासी राजेन्द्र महतो का पुत्र रतन महतो (22) लापता था। 31 अगस्त को शाम तीन बजे सिरका गांव के बगल में स्वर्णरेखा नदी के किनारे स्थित लघु सिंचाई विभाग के पानी टंकी से उसका शव बरामद किया गया। मृतक के भाई ने आरोप लगाया कि उन्मादी भीड़ ने रतन महतो की हत्या कर शव को टंकी में फेंका है। मंगलवार की रात में भी उग्र भीड़ ने आरोपितों की गिरफतारी की मांग को लेकर शव के साथ सिरका के पास अनगड़ा-हुंडरू मार्ग को जाम किया था।

दस नामजद सहित अन्य के खिलाफ प्राथमिकी

मृतक के बड़े भाई रंथू महतो के बयान पर अनगड़ा थाना में महेशपुर गांव के दस नामजद सहित 20-25 अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। इनमें तबारक खान, मुमताज खान, परवेज खान, अनवर खान, सरूफ खान, रब्बानी खान, मोबिन खान, सेराज खान, अरबाज खान, धौनी हसन खान नामजद हैं।

भीड़ की पिटाई से मौत

विगत 13 मार्च को सिरका गांव में चोरी करते पकड़े गए महेशपुर निवासी मोबारक खान की मौत उन्मादी भीड़ की पिटाई के बाद हो गई थी। इस मामले में सिरका गांव के 19 आरोपित जेल में बंद है। उस समय से ही दोनों गांव के बीच बैर भाव है।

सुदेश ने की कार्रवाई की मांग

आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश कुमार महतो ने घटना पर दुख जताते हुए अविलंब कार्रवाई की मांग की है। सुदेश ने कहा कि हत्या का मामला है तो दोषियों की अविलंब गिरफ्तारी हो। सरकार पीडि़त परिवार को मुआवजा दे।

Posted By: Inextlive