-बेटी मीसा भी रहीं साथ, मीडिया से बगैर बात किए निकल गईं राबड़ी देवी

-पहली बार पति लालू प्रसाद से मिलने रिम्स पहुंचीं थीं राबड़ी देवी

रांची : चारा घोटाला मामले में सजा होने के बाद जेल में बंद अपने पति राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद से मिलने राबड़ी देवी रिम्स के पेइंग वार्ड में पहली बार सोमवार को पहुंचीं। बड़ी बेटी मीसा भारती भी उनके साथ थीं। लालू प्रसाद से मिलते ही बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी बेहद भावुक नजर आई। वहीं लालू भी काफी भावुक दिखे। पेइंग वार्ड के कॉरिडोर में बैठ कर दंपती ने काफी देर तक बातें कीं। घर-परिवार से लेकर पार्टी-पॉलटिक्स, हर मसले पर दोनों के बीच बातचीत हुई।

जुटे रहे राजद कार्यकर्ता

पेइंग वार्ड के बाहर लालू-राबड़ी की एक साथ झलक पाने के लिए बड़ी संख्या में राजद के कार्यकर्ता भी पहुंचे। करीब ढाई घंटे की मुलाकात के बाद लालू से मिलकर राबड़ी देवी और मीसा भारती यहां से निकल गईं। दोनों ने मीडिया कर्मियों से किसी तरह की कोई बातचीत नहीं की। वहीं, रिम्स से मिली जानकारी के अनुसार लालू ने राबड़ी से परिवार को लेकर लंबी बातचीत की। तेजप्रताप व ऐश्वर्या को लेकर खासी चर्चा हुई।

ऑपरेशन करा रांची पहुंचीं थीं राबड़ी

लालू प्रसाद करीब दो साल से होटवार स्थित बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा में बंद हैं। उनके स्वास्थ्य को देखते हुए जेल प्रशासन की ओर से उन्हें रिम्स के पेइंग वार्ड में भर्ती किया गया है। रिम्स में भी वे करीब डेढ़ साल से इलाजरत हैं। इस दौरान सोमवार को पहली बार राबड़ी देवी पति लालू प्रसाद का हाल चाल जानने रिम्स पहुंचीं। राबड़ी दिल्ली से अपनी आंख का ऑपरेशन कराकर लौट रहीं थीं। उन्होंने आंखों पर काला चश्मा लगा रखा था।

Posted By: Inextlive