रांची: रांची समेत राज्य भर में मौसम का मिजाज बदला है। शनिवार को सिटी में तेज आंधी के बाद हुई बारिश ने लोगों को राहत दी। जमकर बारिश और तेज हवा के कारण अधिकतम तापमान भी गिरा। इससे लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत भी मिली।

तीन दिन ऐसा ही मिजाज

मौसम विभाग की मानें तो 20 अप्रैल तक मौसम का मिजाज ऐसा ही रहेगा। 18 अप्रैल को बारिश और बादल गरजने की संभावना व्यक्त की गयी है। वहीं, 20 अप्रैल तक कुछ इलाकों में बादल छाये रहेंगे। मौसम विभाग की ने देवघर, धनबाद, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़, साहेबगंज, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा, सरायकेला खरसावां, रांची बोकारो, गुमला, हजारीबाग, खूंटी में बादल और बारिश की संभावना जताई है। रांची, बोकारो, गिरिडीह, कोडरमा, रामगढ़ और हजारीबाग के लिए चेतावनी जारी कर दी गयी है। तीन घंटे तक भारी बारिश और थंडरिग की संभावना व्यक्त की गयी है।

आज भी बारिश संभव

मौसम विभाग की ओर से 18 अप्रैल के लिए चेतावनी जारी की गयी है। इसमें बताया गया है कि इस दिन उत्तर पूर्वी क्षेत्र में बारिश की संभावना है। लेकिन, इस दौरान हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश की संभावना है। विभाग के मुताबिक इस दिन देवघर, धनबाद, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़ में बारिश की संभावना है। वहीं 20 अप्रैल तक कुछ हिस्सों में बादल छाये रहने की संभावना व्यक्त की गयी है।

चलेंगी तेज हवाएं

विभाग की मानें तो 18 अप्रैल तक राज्य के अलग अलग हिस्सों में तेज हवाएं चलेगी। विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए बताया है कि बारिश वाले इलाकों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। जिसका असर 18 अप्रैल तक देखा जायेगा। वहीं 19 और 20 अप्रैल को तेज हवाएं नहीं चलेगी, लेकिन बादल छाये रहेंगे। विभाग की मानें तो आने वाले दो दिनों तक तापमान में कोई बदलाव नहीं होगा। वहीं 19 अप्रैल के बाद तापमान में फिर से वृद्धि दर्ज की जायेगी। जो लगभग दो से तीन डिग्री सेल्सियस होगा। ऐसे में लोगों को गर्मी का एहसास होगा।

हीट वेव की आशंका

7 अप्रैल को अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं 18 अप्रैल को तापमान 37 डिग्री सेलिस्यस रहेगा। 19 और 20 तक तापमान 39 से 40 डिग्री सेल्सियस पहुंच जायेगा। इसके बाद राज्य के कुछ हिस्सों में हीट वेव की आशंका व्यक्त की गयी है।

Posted By: Inextlive