RANCHI:रांची नगर निगम ने दो साल पहले अपना खुद का पेट्रोल पंप लगाने का निर्णय लिया था, लेकिन यह निर्णय फाइलों में ही बंद है। दिसंबर 2018 में नगर निगम ने तेल की बढ़ती कीमतों, पेटोल डीजल के उयोग समेत अन्य बिंदुओं पर निर्णय लेते हुए शहर के भीतर तीन पेट्रोल पंप खोलने की तैयारी शुरू की थी। इसके लिए तत्कालीन अपर नगर आयुक्त गिरिजा शंकर प्रसाद ने सिटी मैनेजर्स को पंप लगाने के लिए स्थान चयनित करने का आदेश दिया था। जानकारी के मुताबिक एक पेट्रोल पंप बिरसा मुंडा पार्क के पास स्थित निगम की खाली जमीन पर बनाया जाना फाइनल भी कर दिया गया था। वहीं दो अन्य स्थानों को चयनित किया जाना था।

हो सकते हैं कई लाभ

निगम का पेट्रोल पंप खुलने पर निगम की गाडि़यों में लगने वाली तेल में एक बड़ी राशि में कटौती हो सकती है। तेल में हो रहे भ्रष्टाचार सहित तेल भरवाने के लिए कडरू पेट्रोल पंप आने-जाने में लगने वाले समय की भी बचत होती।

112 गाडि़यों पर 75 लाख खर्च

निगम के एकाउंटस शाखा के मुताबिक निगम के पास करीब 112 गाडि़यां है। इसमें 91 ट्रैक्टर और 21 टाटा एस गाडि़यां शामिल हैं। इन गाडि़यों में तेल भराने की एवज में निगम को प्रतिमाह करीब 70 से 75 लाख रुपए तक का खर्च आता है। इन तेलों में डीजल, पेट्रोल, ल्यूब्रिकेंट आदि शामिल हैं।

लगता रहा है तेल चोरी का आरोप

फॉगिंग के नाम पर पहले भी तेल चोरी का आरोप निगम के कर्मचारियों पर लगता रहा है। निगम बोर्ड की बैठक में कई पार्षदों ने इसे लेकर हंगामा भी किया था। उस समय तत्कालीन सहायक कार्यपालक पदाधिकारी रामकृष्ण कुमार ने फांगिग के नाम पर डीजल चोरी की एक बड़ी घटना का खुलासा किया था। जांच में पता चला था कि फॉगिंग वाहन के चालक निगम से 80 लीटर डीजल का कूपन उठाते तो हैं, लेकिन पेट्रोल पंप से कम तेल भरवा कर बाकी का पैसा खुद रख लेते हैं। इसके बाद से ही निगम अपना पेट्रोल पंप चलाने की तैयारी में जुट गया था।

खर्च में कमी व समय की बचत का दावा

पेट्रोल पंप खोले जाने की बात करते हुए अपर नगर आयुक्त गिरिजा शंकर प्रसाद ने कहा था कि वर्तमान में निगम की गाडि़यों को तेल भराने के लिए कडरू पेट्रोल पंप तक आना-जाना पड़ता है। निगम कार्यालय से यह दूरी काफी अधिक है, वहां जाने-आने में ही गाडि़यों में अच्छा-खासा तेल जल जाता है। दूसरी ओर एक पंप से तेल भराने में निगम को लाखों रुपए तक खर्च आता है। इसे देख कर ही निगम एरिया वाइज तीन पेट्रोल पंप लगाने पर विचार कर रहा है। इसमें एक पंप बिरसा मुंड़ा जेल केपास खाली पड़े निगम की जमीन पर बनाया जाएगा।

Posted By: Inextlive