RANCHI: जेल में बंद डॉन सुजित सिन्हा की पत्नी रिया सिन्हा को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस ने देर रात पंचशील नगर में छापामारी की। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि रिया सिन्हा एक महिला के घर में छुपी है। कोतवाली डीएसपी भोला प्रसाद समेत महिला थानेदार दीपिका प्रसाद और पंडरा थाना के सब-इंस्पेक्टर अनूप रौशन भेंगरा की टीम ने छापेमारी की। रिया को पुलिस के आने की भनक लग गई और वह भागने में सफल रही। रिया की तलाश में पुलिस ने कई मकानों में छानबीन भी की, लेकिन कुछ लोगो की मदद से वह फरार हो गई। यहां तक की रिया जिस महिला के घर में पुलिस के आने से पहले बैठी थी, वह महिला भी अपने दो छोटे बच्चो को घर में सोता छोड़ रिया के साथ फरार हो गई। पुलिस की छापेमारी के दौरान पूरे मुहल्ले में अफरा-तफरी मच गई।

सनहा दर्ज होने के बाद की पिटाई

नया टोला निवासी प्रभा देवी ने गुरुवार को कोतवाली थाने में सनहा दर्ज करवाया था। प्रभा ने बताया था कि मैंने रिया से पिछले वर्ष 65 हजार रुपए कर्ज लिये थे। लेकिन रिया पैसे के बदले अब जबरन मेरा घर हड़पना चाहती है। कोतवाली पुलिस ने मामले में सनहा दर्ज कर उसे पंडरा थाने को जांच के लिए डाक के माध्यम से भेज दिया था। लेकिन पंडरा पुलिस ने उसके विरुद्ध कोई कार्रवाई नहीं की। इसके बाद शुक्रवार की सुबह रिया अपने गुर्गो के साथ प्रभा के घर पहुंची और उसकी पिटाई कर डाली। प्रभा चोटिल होने के बाद भी कोतवाली डीएसपी के पास पहुंची और घटना की जानकारी दी। इसके बाद कोतवाली डीएसपी ने खुद शुक्रवार की रात छापेमारी शुरू कर दी।

Posted By: Inextlive