अयोध्‍या में होने वाले राम मंदिर भूमि पूजन को लेकर झारखंड की राजधानी रांची में भी खुशी का माहौल है व सिटी में भी इससे जुड़े आयोजनों की तैयारियां जोरों पर हैं।

रांची: पांच अगस्त को अयोध्या में श्रीराम मंदिर का शिलान्यास होने वाला है। इस दिन राजधानी रांची भी राममय होगी। रंग-बिरंगे बल्बों से रांची जगमग होगी। पूरी राजधानी को महावीरी झंडे से सजाया जाएगा। लॉकडाउन की गाइडलाइन का पालन करते हुए दीपोत्सव मनाया जाएगा। राज्य सरकार से इस दिन शराब व मांस की दुकानें बंद कराने की मांग की गई है। विभिन्न संगठनों समेत श्री महावीर मंडल डोरंडा की केंद्रीय समिति तैयारियों में जुटी हुई है।

मंदिरों व घरों में होगी पूजा

सांसद संजय सेठ ने ने कहा कि पांच अगस्त की सुबह से ही मंदिरों और घरों में पूजा-अर्चना की जाएगी। राज्य में लॉकडाउन है। इसलिए गाइडलाइन का पालन करते हुए मंदिरों के बाहर प्रकाश की व्यवस्था और दीप जलाए जाएंगे। इस दौरान कहीं जमावड़ा नहीं लगेगा। उन्होंने राज्य सरकार से मांग की है कि बुधवार को राज्य में शराब की दुकानें और मांस मछली की दुकानें बंद कराई जाए।

अखाड़ों में पूरी है तैयारी

पूर्व राज्यसभा सांसद अजय मारू बताते हैं कि पांच अगस्त को रांची में दीपावली की तरह ही रोशनी की जाएगी। राजधानी को राममय बनाया जाएगा। सिर्फ घरों में ही नहीं, बल्कि व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में भी दीप जलाए जाएंगे। भगवान श्रीराम का कट आउट लगाया जाएगा। पूरी राजधानी को महावीरी झंडे से सजाया जाएगा। रांची में जितने भी अखाड़े हैं, वहां झंडा लगाया जा रहा है। पांच अगस्त की शाम सात बजे हनुमान चालीसा का पाठ कर आरती कर दीप प्रज्वलित की जाएगी। प्रसाद का वितरण किया जाएगा।

श्री महावीर मंडल डोरंडा की केंद्रीय समिति के संजय पोद्दार ने 5 अगस्त को झारखंड की सभी शराब दुकानों एवं मांस मछली की दुकानों को बंद करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि पांच अगस्त को रांची में दीपोत्सव मनाया जाएगा। शाम सात बजे सभी मंदिरों एवं अखाड़ों में दीप जलाए जाएंगे एवं हनुमान चालीसा का पाठ किया जाएगा। सभी मंदिरों में आरती की जाएगी। उस दिन पूरे डोरंडा क्षेत्र के हर घर में दीपक जलाए जाएंगे। मंडल के संजय पोद्दार, मंत्री पप्पू वर्मा, बजरंग प्रसाद गुप्ता, राकेश पाल, अशोक सर्राफ, योगेश्वर दुबे, दीपू वर्मा, अंकित सिंह, मनोज नायक, मुकेश गुप्ता, रोहित ठाकुर, मुकेश ठाकुर समेत अन्य इस दिन को ऐतिहासिक बनाने में जुटे हुए हैं।

सिटी में गूंजेगा शंखनाद

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जब श्री राम मंदिर की आधारशिला रखेंगे, उस समय 12.10 से 12.20 बजे तक सभी लोग अपने मंदिरों और घरों की छतों पर घंटी, शंख, ढोल, नगाड़े बजा कर शंखनाद करें। सभी सनातन धर्म वालों से अपील है कि घर, प्रतिष्ठान और मंदिरों में महावीरी पताका जरूर लगाएं।

Posted By: Inextlive