रांची: झारखंड स्टेट वालीबॉल संघ के तत्वावधान में गोड्डा जिला वालीबॉल संघ द्वारा बेथेल मिशन स्कूल ग्राउंड में पांच दिवसीय जगदीश चन्द्र बोस स्मृति ट्राफी के लिए 20 वीं अंतरजिला वालीबॉल प्रतियोगिता हुई, जिसके ब्वायज ग्रुप का खिताब सीआईएसएफ की टीम ने धनबाद को सीधे सेटों में 25-17, 25-21 व 25-21 अंकों से पराजित करके अपने नाम किया। तीसरे स्थान पर बोकारो व चौथे स्थान पर रांची की टीम रही। वहीं स्व। महावीर उरांव स्मृति ट्रॉफी के लिए ग‌र्ल्स ग्रुप में रांची जिला की टीम ने पूर्वी सिंहभूम को खिताबी मुकाबले में 3-1, 25-15, 25-19, 23-25 एवं 25-12 अंकों से शिकस्त देकर अपना कब्जा जमाया। मेजबान गोड्डा तीसरे स्थान पर तथा धनबाद चौथे स्थान पर रहा। विजेता एवं उपविजेता टीम के खिलाडि़यों को बतौर मुख्य अतिथि अनुमंडल पदाधिकारी ऋतुराज के हाथों ट्रॉफी दी गई।

बेस्ट डिसिप्लिन टीम वेस्ट सिंहभूम व गुमला

नरेश मोहन झा स्मृति बेस्ट डिसिप्लिन टीम का अवार्ड ब्वॉयज ग्रुप में पश्चिमी सिंहभूम को तथा ग‌र्ल्स ग्रुप में गुमला जिला को दिया गया। वर्ष के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का अवार्ड (अचल तिर्की मेमोरियल ट्रॉफी) पुरुष वर्ग में सीआईएसएफ के जीबी प्रभाहरण को, जबकि ग‌र्ल्स ग्रुप में रांची की मौसम कुमारी को दिया गया। इस वर्ष से प्रारम्भ सर्वश्रेष्ठ प्रशिक्षक के लिए शेखर बोस सर्वश्रेष्ठ प्रशिक्षक अवार्ड, अंतर्राष्ट्रीय वालीबॉल प्रशिक्षक, सेतांक सेन को दिया गया। मौके पर आयोजन समिति के निदेशक सह बेथेल मिशन स्कूल के निदेशक, प्रणेश सोलेमन, वरिष्ठ पत्रकार अभय पलिवार, आयोजन सचिव देवाशीष झा, चेयरमैन कंट्रोल कमिटी, सेतांक सेन, अंतरराष्ट्रीय वालीबाल प्रशिक्षक राजेश सिंह, अंतर्राष्ट्रीय निर्णायक संजय कुमार, राष्ट्रीय निर्णायक संजय ठाकुर व राहुल मुंडा, स्टेट रेफरी सतीश चौधरी, अरुण मूर्ति व मो। जसीम, चयन समिति के सदस्य कल्याण श्रीवास्तव एवं सूरज प्रकाश लाल के अलावा आयोजन समिति के सदस्यों में सन्तोष निराला, शक्ति कुमार, प्रियव्रत परमेश, शैलेश सिंह आदि उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन कुश्ती एवं हॉकी सचिव सुरजीत झा ने किया।

Posted By: Inextlive