रांची: नाले में बह कर हुई मौत के हादसे को महीने भर गुजर जाने के बाद भी राजधानी के बडे़-बड़े खतरनाक गड्ढे और नाले अबतक ढके नहीं जा सके हैं। आज भी सिटी में जहां-तहां ओपन नालियां लोगों को अपना शिकार बनाने के लिए ऐसे ही खुली हुई हैं। नाले नहीं ढकने के मामले पर रांची नगर निगम का कहना है कि फंड नहीं होने की वजह से नाले नहीं ढके जा रहे हैं। प्रस्ताव बना कर विभाग को भेजा गया है लेकिन अबतक फंड रिलीज नहीं हुआ है। कुछ दिन पहले ही कोकर इलाके के खोरहाटोली में नाले में बह जाने से युवक की मौत हो गई थी। वहीं बीते साल हिंदपीढ़ी में नन्हीं फलक के बह जाने से मृत्यु हो गई थी। इसके बाद भी न तो अब तक नगर निगम जागा है न ही नगर विकास विभाग और न मंत्री। हालांकि, नगर निगम के अधिकारी नालों का मुआयना कर इसे ढकने का प्रस्ताव तैयार कर चुके हैं। लेकिन निगम का कहना है कि फंड नहीं मिलने की वजह से काम आगे नहीं हो पा रहा है। हाईकोर्ट भी निगम को इस मामले में फटकार लगा चुका है, फिर भी निगम इसे गंभीरता से नहीं ले रहा है।

39 नालों को किया गया लिस्टेड

रांची के डिफरेंट लोकेशंस में 39 खुले नालों को लिस्टेड किया गया है। नगर निगम की ओर से इन नालों को सूचीबद्ध किया गया है। लेकिन यहां कल्वर्ट लगाने का काम शुरू नहीं हुआ है। नगर निगम सिर्फ कागजों में नाली को ढकने का प्लान तैयार कर रहा है। धरातल पर कोई काम नजर नहीं आ रहा है। हाईकोर्ट ने 25 सितंबर तक नालों को ढकने से संबधित ब्यौरा पेश करने को कहा था। कोर्ट ने निगम से सिटी के सभी खतरनाक नाले, कितने बंद किए गए, कितने खुले हैं एवं सर्वे रिपोर्ट पेश करने को कहा गया था। लेकिन नगर निगम आज भी यह बताने की स्थिति में नहीं है कि सभी नाले कब तक बंद किए जाएंगे। नगर निगम की ओर से बताया गया कि खुले नालों को ढकने के लिए टेंडर निकाला गया है।

47 नाले ढक दिए गए

नगर निगम के पदाधिकारियों ने बताया कि सिटी के लगभग 47 नालों को ढक दिया गया है। शेष नालों पर भी जल्द ही काम शुरू हो जाएगा। नगर निगम की मानें तो नाली निर्माण, कल्वर्ट और रिपेयरिंग में लगभग दो सौ करोड़ रुपए खर्च किए जा चुके हैं। फिर से खतरनाक नालों को लिस्टेड किया गया है, जिसके कल्वर्ट निर्माण के लिए नगर विकास विभाग से फंड मांगा गया है। लेकिन फंड नहीं मिलने के कारण नाली को ढका नहीं जा रहा है। बार-बार हादसे के बाद भी नगर निगम और न ही नगर विकास विभाग इस दिशा में कारगर कदम उठा रहे हैं। कोरोना काल में जहां साफ और स्वच्छ रहने का आह्वान किया जा रहा है, वहीं सिटी में खुले नालों की वजह से गंदगी और बदबू भी फैल रही है। कई इलाके ऐसे हैं जहां लोगों को रहना भी मुश्किल हो रहा है। बारिश में ये नाले जानलेवा हो जाते हैं।

Posted By: Inextlive