झारखंड सरकार ने हेलिकॉप्टर इमरजेंसी मेडिकल सर्विस की पहल की. हाईवे पर हादसा होने पर तत्काल घायलों को हेलिकॉप्टर से अस्पताल पहुंचाया जाएगा


रांची(ब्यूरो)। हाल के दिनों में कई बड़े सड़क हादसे हुए। नेशनल हाईवे पर बस के पलटने के कारण कई लोगों की जान गई है। पिछले महीने एक बस नदी में गिर गई जिसके कारण कई लोगों ने अपनी जान गंवा दी। लेकिन, अब ऐसे हादसों में ज्यादातर लोगों की जान बचाई जा सकेगी। जी हां, अब रोड एक्सीडेंट या कोई बड़ा हादसा होने पर तुरंत हेलिकॉप्टर पहुंचेगा। घायल को हेलिकॉप्टर से अस्पताल लाकर तुरंत इलाज किया जाएगा और उनकी जान बचाई जा सकेगी। झारखंड में जल्द हेलिकॉप्टर इमरजेंसी मेडिकल सर्विस शुरू होगी। इस सेवा को झारखंड में शुरू करने को लेकर मध्य प्रदेश में हेलिकॉप्टर स्माल एयरक्राफ्ट समिति 2023 में झारखंड के अधिकारियों ने भी हिस्सा लिया था। रांची समेत 5 जिलों में होगी शुरुआत
नगर विमानन विभाग के डायरेक्टर कैप्टन एसपी सिन्हा ने बताया कि झारखंड हेलिकॉप्टर इमरजेंसी मेडिकल सर्विस शुरू करने का प्रस्ताव भारत सरकार को भेजा गया है। इसके तहत राज्य के 5 शहरों जमशेदपुर, दुमका, हजारीबाग, डालटनगंज और रांची में स्टेशन बनाए जाएंगे। कोई भी आपात स्थिति होने पर इन शहरों में लोगों को हेलिकॉप्टर से रेस्क्यू कर अस्पताल पहुंचाया जाएगा।अस्पताल के पास बनेंगे हेलिपैड


रांची, जमशेदपुर, दुमका, हजारीबाग और डाल्टनगंज में जो बड़े अस्पताल हैं, उनके बगल में हेलीपैड का निर्माण किया जाएगा, ताकि अगर कोई सड़क हादसा होता है या कोई बड़ा हादसा कहीं भी होता है तो नजदीक के अस्पताल में लोगों को हेलिकॉप्टर से पहुंचाया जाएगा। इसका मकसद है कि लोगों को तुरंत अस्पताल में शिफ्ट कराया जाए, ताकि लोगों को इलाज कराने में समय नहीं लगे और उनका इलाज तत्काल शुरू किया जा सके। देश का पहला राज्य है झारखंड देश का पहला राज्य है जहां इस तरह की सेवा शुरू की गई है। झारखंड के मरीजों को गोल्डन आवर में इलाज के लिए बड़े महानगरों में जाने का मौका मिल रहा है। इस सेवा के शुरू होने से कई लोगों की जिंदगी समय रहते बचाई जा सकेगी। पहले से ही एयर एंबुलेंस सेवा

झारखंड में पहले से ही एयर एंबुलेंस सेवा शुरू है। रांची सहित राज्य के छह केंद्रों से एयर एंबुलेंस सेवा शुरू की गई है। इससे विभिन्न राज्यों में स्थित बड़े चिकित्सा केंद्रों को जोड़कर गंभीर रूप से बीमार लोगों के इलाज की सुविधा मिल रही है। झारखंड की एयर एंबुलेंस सेवा रांची को देश के तमाम बड़े महानगरों को जोड़ेगी। बिरसा मुंडा एयरपोर्ट के स्टेट हैंगर में 24 घंटे एक चार्टर्ड विमान इसको लेकर उपलब्ध रहेगा। अधिकारियों के मुताबिक, बुकिंग के दो घंटे के भीतर एंबुलेंस तैयार होती है और यह आपातकालीन उपकरणों और डॉक्टरों से लैस है। 6 शहरों से एयर एंबुलेंस सेवाझारखंड के नागर विमानन विभाग ने इस सेवा के लिए रेडबर्ड प्राइवेट लिमिटेड के साथ करार किया है ताकि बेहतर चिकित्सा के लिए दिल्ली, मुंबई, चेन्नई, वाराणसी और कोलकाता जैसे शहरों में पहुंचा जा सकेगा। झारखंड में रांची के अलावा धनबाद, दुमका, देवघर, बोकारो, जमशेदपुर और गिरिडीह से भी एयर एंबुलेंस सेवा मिलेगी। कन्फ र्म करने पर 2 घंटे के भीतर एयर एंबुलेंस आपके लिए उड़ान भरने को तैयार रहेगा। इसके साथ ही एंबुलेंस को रीशेड्यूल करने की भी सुविधा है। मरीज को दूसरे राज्य ले जाते वक्त एयर एंबुलेंस में तमाम जरूरी उपकरणों के साथ डॉक्टर की भी सुविधा मिलेगी। एयर एंबुलेंस का यह है किराया
एयर एंबुलेंस से मरीजों को रांची से दिल्ली ले जाने का किराया 5 लाख है। रांची से मुंबई जाने पर 7 लाख, रांची से चेन्नई के लिए आठ लाख, रांची से कोलकाता के लिए तीन लाख, रांची से हैदराबाद के लिए 7 लाख, रांची से वाराणसी के लिए 3 लाख 30 हजार, रांची से लखनऊ के लिए 5 लाख और तिरुपति के लिए आठ लाख लगते हैं। इसके अलावा देश के अन्य किसी हिस्से के लिए एयर एंबुलेंस की सुविधा लेने पर प्रति घंटा 1 लाख 10 हजार रुपए लगते हैं।

झारखंड में हेलिकॉप्टर इमरजेंसी मेडिकल सर्विस शुरू करने का प्रस्ताव राज्य सरकार ने भारत सरकार को भेजा है। इसके तहत राज्य के 5 शहरों जमशेदपुर, दुमका, हजारीबाग, डालटनगंज और रांची में स्टेशन बनाए जाएंगे। कोई भी आपातस्थिति होने पर इन शहरों में लोगों को हेलिकॉप्टर से रेस्क्यू करके अस्पताल पहुंचाया जाएगा।-कैप्टन एसपी सिन्हा, डायरेक्टर, नगर विमानन विभाग, झारखंड

Posted By: Inextlive