318 बैटरी चलित स्प्रे गाडि़यां से नगर निगम करेगा सेनेटाइजेशन

400 कर्मचारियों की शिफ्ट वाइज बांटी गई सेनेटाइजेशन ड्यूटी

- हर वार्ड पार्षद को छह स्प्रे मशीन गाडि़यां दी गई

- सभी वार्ड पार्षद को अपने एरिया में सेनेटाइजेशन की दी गई जिम्मेवारी

नगर निगम ने जारी किया हेल्पलाइन नंबर

0651-2200011

सिटी में अंधाधुंध बढ़े कोरोना के मामलों के बीच नगर निगम ने भी अपनी ओर से सेनेटाइजेशन की पहल की है। शहर के हर वार्ड के गली-मोहल्ले के घरों तक को सेनेटाइज किया जाएगा। रांची नगर निगम द्वारा इसकी शुरुआत भी कर दी गई है। हर वार्ड पार्षद से मिलकर उनके इलाके में जहां-जहां सेनेटाइजेशन की जरूरत है, वहां स्प्रे शुरू किया जा रहा है। इसके लिए रांची नगर निगम ने 22 बड़े वाहन और 318 बैटरी चालित स्प्रे मशीनें मंगवा ली है।

पार्षदों को मिली है जिम्मेवारी

रांची नगर निगम के एक अधिकारी ने बताया कि खतरे को देखते हुए बड़े पैमाने पर शहर में सफाई अभियान शुरू किया जा चुके हैं। इसके लिए हर वार्ड के घरों को सेनेटाइज कराने की जिम्मेदारी उस वार्ड के पार्षद को दी गई है। रांची नगर निगम ने इसके लिए सभी तरह की तैयारियां भी शुरू कर दी हैं।

हर वार्ड को मिली है 6 स्प्रे मशीन

रांची नगर निगम के उप नगर आयुक्त रजनीश कुमार ने बताया कि शहर में कोरोना बढ़ रहा है तो हर मुहल्ले को सेनेटाइज करना जरूरी हो गया है। इसके लिए रांची नगर निगम के हर वार्ड में 6 स्प्रे मशीन शुरुआत में दी गई है। जिनसे निगम कर्मी घरों में जाकर सेनेटाइज करेंगे। शहर में जो 53 वार्ड हैं, वहां इन स्प्रे गाडि़यों के अलावा जरूरत पड़ने पर नगर निगम के पास जो 22 बड़ी गाडि़यां उपलब्ध हैं, उससे भी स्प्रे कराया जा रहा है। वार्ड पार्षदों का कहना है कि बैटरी ऑपरेटेड जो स्प्रे गाडि़यां दी गई हैं, उनकी संख्या यदि बढ़ाई जाती है तो मोहल्ले को और जल्दी सेनेटाइज किया जा सकता था।

400 कर्मचारियों की ड्यूटी लगी

रांची नगर निगम द्वारा 400 कर्मचारियों को पूरे शहर के हर घर को सेनेटाइज करने के लिए लगाया गया है। वार्ड में पार्षद द्वारा ड्यूटी चार्ट तैयार किया गया है कि कौन कर्मचारी किस किस इलाके में सेनेटाइजेशन का काम करेगा। शहर के वार्ड पार्षदों ने भी जिस जगह को सबसे पहले सेनेटाइज करना है उसका डिटेल्स तैयार कर लिया है और काम भी शुरू कर दिया गया है। सेनेटाइज करने वाले कर्मचारियों की कमी नहीं है। वार्ड पार्षद इनको शिफ्ट में लगाकर काम करवा रहे हैं।

हेल्पलाइन नंबर भी जारी

रांची नगर निगम द्वारा शहर को सेनेटाइज करने के लिए एक हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया गया है। अगर किसी भी व्यक्ति के घर या पड़ोस में कोई कोरोना पाजिटिव होता है, तो घर सेनेटाइज कराने के लिए नगर निगम से संपर्क कर सकते हैं। लोगों की सुविधा के लिए नगर निगम ने हेल्पलाइन नंबर जारी किया है। किसी भी समय निगम के हेल्पलाइन नंबर 0651-2200011 पर फोन करके घर सेनेटाइज करा सकते हैं। निगम संबंधित घर को 24 घंटे के अंदर सेनेटाइज करेगा।

पिछले साल भी हुआ था

पिछले साल जब रांची में कोरोना था उसी समय रांची नगर निगम ने सेनेटाइजेशन का काम शुरू कर दिया था। उस समय रांची नगर निगम के पास सेनेटाइज करने के लिए बहुत बड़ी गाडि़यां और बहुत अच्छी व्यवस्था भी नहीं थी। उस समय नगर निगम ने भाड़े पर टेंपो लेकर और उसमें 500 से 1000 लीटर पानी की टंकी में सेनेटाइजर डालकर हर गली-मोहल्ले को सेनेटाइज किया था। इस साल फिर से रांची नगर निगम ने पूरे शहर को सेनेटाइज करने की तैयारी पूरी कर ली है और पहले की अपेक्षा इस साल निगम के पास सेनेटाइज करने के लिए काफी व्यवस्थाएं भी उपलब्ध हैं।

राजधानी के हर वार्ड और गली मोहल्लों को सेनेटाइज करने का काम शुरू कर दिया गया है। इसके लिए बड़ी गाडि़यों के साथ-साथ छोटी गाडि़यों से भी सेनेटाइज करने का काम शुरू किया गया है। सभी वार्ड पार्षदों के सहयोग से शहर को सेनेटाइज किया जा रहा है।

रजनीश कुमार, उप नगर आयुक्त, रांची नगर निगम

Posted By: Inextlive