धनबाद: राज्यपाल द्रोपदी मुर्मू ने शुक्रवार को सिंफर में एक्सीलेंस ऑन रॉक मैटेरियल्स प्रयोगशाला व नव निर्मित गेस्ट हाउस का उद्घाटन किया। दो दिवसीय राष्ट्रीय सेमिनार के उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए राज्यपाल ने कहा कि झारखंड के साथ-साथ देश के विकास को गति देने में सिंफर के वैज्ञानिकों का अहम योगदान है। सिंफर के वैज्ञानिक दिन-रात मेहनत कर रिसर्च करते रहते हैं। इनका रिसर्च देश और समाज के लिए काफी महत्वपूर्ण है।

पर्यावरण की भी करनी होगी चिंता

खनन क्षेत्र में प्रगतियां नामक सेमिनार को संबोधित करते हुए राज्यपाल द्रोपदी मुर्मू ने कहा कि देश के विकास के लिए खनन आवश्यक है, लेकिन हमें खनन के साथ-साथ देश के पर्यावरण की भी चिंता करनी होगी। उन्होंने कहा कि आज देश ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया पर्यावरण संकट से जूझ रही है। ऐसे में हमें खनन के साथ-साथ पर्यावरण पर भी ध्यान देना होगा ताकि प्राकृतिक संतुलन बना रहे। उन्होंने कहा कि खनन के साथ होने वाली विस्थापन की समस्या से निपटने पर भी विचार-विमर्श होना चाहिए। खनन के दौरान विस्थापित होने वाले लोगों का बेहतर ढंग से पुनर्वास कार्यक्रम चलाने की जरूरत है।

देश को सशक्त बनाने में जुटे हैं वैज्ञानिक

सेमिनार को संबोधित करने के बाद मीडिया से बातचीत के दौरान राज्यपाल ने कहा कि यह दो दिवसीय सम्मेलन झारखंड के साथ-साथ देश भर के माइनिंग सेक्टर के लिए महत्वपूर्ण दिशा निर्देश साबित होगा। साथ ही उन्होंने कहा कि देश में औद्योगिक विकास काफी तेजी से हो, इसके लिए सिंफर के वैज्ञानिक दिन रात रिसर्च में लीन रहते हैं। ये वैज्ञानिक राष्ट्र को सशक्त बनाने में अपना महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं।

Posted By: Inextlive