750 भक्तों ने श्याम प्रभु को अर्पित किया निशान


रांची (ब्यूरो) । श्री श्याम मंडल, रांची का तीन दिवसीय श्री श्याम फाल्गुन सतरंगी मोहत्सव मंगलवार को विराट निशान शोभा यात्रा के साथ अत्यंत धूम धाम से प्रारम्भ हुआ। श्री लक्ष्मीनारायण मन्दिर में विधि विधान से निशान पूजन के पश्चात आरती की गई। श्री श्याम प्रभु के गगन भेदी जयकारों के बीच 750 भक्तगण अत्यन्त श्रद्धा के साथ अपने अपने कन्धे श्री श्याम निशान लेकर झूमते नाचते श्री श्याम प्रभु को निशान अर्पित करने निकल पड़े। निशान धारियों के अलावा बड़ी संख्या में भक्तों की भीड़ शोभायात्रा के साथ चल रही थी। दिव्य रथ पर विराजमान हो श्री श्याम प्रभु नगरवासियों को आशीष प्रदान कर रहे थे। साथ ही श्री श्याम मंडल की दो टोलियां संगीतमय भजनडोरी खींच राखिजो यो है बाबा को निशान और श्याम रंगीला पलका उघाड़ों फाल्गुन आ गयो जैसे भजनों से पूरा वातावरण श्याममय बन गया। श्याम प्रभु का स्वागत
इस अवसर पर पूरे मार्ग में रंग अबीर गुलाल एवम भजनों की मस्ती लेते भक्तगण शोभायात्रा में शामिल थे। इस अवसर पर विभिन्न जगहों पर श्याम प्रेमी अपने घर एवम प्रतिष्ठान के द्वार पर श्री श्याम प्रभु का स्वागत पारंपरिक आरती व भोग एवम पुष्प वर्षा लगा से किया। सम्पूर्ण मार्ग में श्री श्याम मण्डल रांची द्वारा प्रसाद वितरण एवम शुद्ध जल, जूस का भी वितरण किया गया साथ ही कई धार्मिक संथाओं ने भी शोभायात्रा का स्वागत किया। निशान यात्रा अग्रसेन पथ स्थित श्री श्याम मन्दिर जैसे ही पहुंची सभी श्याम भक्तों का उत्साह बड़े ही भाव विभोर के साथ श्री श्याम प्रभु को निशान अर्पित किया।

Posted By: Inextlive