RANCHI: राजधानीवासियों को जल्द ही हाइजेनिक मीट मिलने वाला है। रांची नगर निगम द्वारा कांके में बनाए गए स्लॉटर हाउस का नया टेंडर बुधवार को खुल सकता है। इसमें दो कंपनियों ने माइक्रो ट्रांसमिशन सिस्टम (एमटीएस)व जैस्पर ने भागीदारी की है। दोनों ही कंपनियां दिल्ली की हैं। इसमें एमटीएस कंपनी ने ही शुरुआत में स्लॉटर हाउस में मीट कटाने का काम किया था। हालांकि, बाद में राजधानी स्थित कारोबारियों ने अपने व्यवसाय में प्रतिकूल प्रभाव पड़ता देख इसका विरोध किया था। काफी विवाद होने के बाद मामला हाइकोर्ट में चला गया, इस कारण स्लॉटर हाउस में मीट काटने का काम शुरू भी नहीं हो सका था।

मेंटनेंस को लेकर था नया टेंडर

बीते 27 मई को रांची नगर निगम ने एक टेंडर निकाला था। टेंडर स्लॉटर हाउस और 5 मीट शॉप के संचालन और मेंटेनेस को लेकर था। इसे 30 मई से खोला भी गया था। इसमें उपरोक्त दोनों कंपनियों ने रुचि दिखायी थी। अब प्रक्रिया केवल टेंडर खुले जाने को लेकर रुकी हुई है। निगम के स्वास्थ्य शाखा से मिली जानकारी के अनुसार, टेंडर खोलने के साथ ही इसपर काम शुरू कर दिया जाएगा।

कई बार निकला टेंडर

बता दें कि राजधानीवासियों को हाइजेनिक मीट खिलाने के लिए रांची नगर निगम ने 18 करोड़ की लागत से एक अत्याधुनिक स्लॉटर हाउस बनाया है। लंबे इतंजार के बाद स्लॉटर हाउस का उद्घाटन मई 2018 को किया गया। बाद में राजधानी के चार स्थानों मधुकम, कांटाटोली, मोरहाबादी और बरियातू में हाइजेनिक मीट शॉप भी खोला गया था। इसे चलाने के लिए निगम ने कई बार टेंडर निकाला। लेकिन यहां काम पूरा नहीं हो सका। बाद में नगर निगम इसे फ्री में देने को तैयार हो गया। इसके लिए निगम ने दिल्ली की एक कंपनी एमटीएस से एक एकरारनामा किया। लेकिन कारोबारियों के हाईकोर्ट में चले जाने के बाद कंपनी यहां भी काम नहीं शुरू कर पाई।

Posted By: Inextlive