सीएम हेमंत सोरेन ने ओरमांझी कुल्ही स्थित चार कपड़ा उद्योग कंपनियों की औद्योगिक इकाइयों का किया उद्घाटन. चंदवे-कुल्ही पथ का ऑनलाइन शिलान्यास भी किया नियुक्ति पत्र भी बांटे.


रांची(ब्यूरो)। टेक्सटाइल सेक्टर में आने वाले छह महीनों के भीतर 10 हजार युवाओं को रोजगार मिलने वाला है। राज्य की बेहतर टेक्सटाइल पॉलिसी के तहत इसकी पूरी तैयारी कर ली गई है। ये बातें सीएम हेमंत सोरेन ने कहीं। सोवार को वह ओरमांझी (कुल्ही) में आयोजित चार कपड़ा उद्योग कंपनियों की औद्योगिक इकाइयों के उद्घाटन एवं नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। नियुक्ति पत्र पाने वालों में 95 परसेंट लोग झारखंड के, 80 परसेंट महिलाएं शामिल हैं। मौके पर मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने सांकेतिक रूप से कई युवतियों के बीच नियुक्ति पत्र का वितरण किया। वहीं, किशोर एक्सपोट्र्स यूनिट का परिभ्रमण किया तथा वहां कार्यरत कर्मियों से उनका हालचाल जाना एवं उत्पादन से संबंधित जानकारी भी हासिल की।लॉकडाउन का बादल छंटते ही रोजगार
सीएम ने कहा कि पिछला डेढ़ साल पूरे देश-दुनिया के लिए चुनौतीपूर्ण रहा। उद्योग जगत में अभी भी कुछ चिंताएं व्याप्त हैं। लगभग डेढ़ वर्ष से देश-दुनिया सहित हमारे राज्य में भी गतिविधियां थम सी गई हैं। उन राज्यों में समस्या अधिक रही, जहां संसाधन सीमित हैं। संक्रमण काल में जब लोग अपने-अपने घरों में बंद थे, तब राज्य सरकार लगातार चिंतन और मंथन में लगी थी। लॉकडाउन रूपी बादल जैसे-जैसे छंटने लगे वैसे ही हमारी सरकार ने गतिविधियों में तेजी लाने का निरंतर प्रयास किया। आज यहां एक मंच से दो हजार लोगों को रोजगार से जोड़ा जा रहा है। यह संक्रमण काल में की गई तैयारियों का ही नतीजा है। राज्य सरकार की यह प्राथमिकता रही थी कि जैसे ही लॉकडाउन खत्म हो, अधिक से अधिक लोगों को कैसे रोजगार से जोड़ा जाए, इस संबंध में एक बेहतर रूपरेखा बननी चाहिए जिससे लोगों को रोजगार मुहैया कराया जा सके। राज्य में टेक्सटाइल पॉलिसी सहित अन्य रोजगारपरक गतिविधियों के दायरे को बढ़ाया जा रहा है। हुनर का सम्मान


मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि राज्य में हुनरमंद युवक-युवतियों की कोई कमी नहीं है। उचित प्लेटफार्म नही मिलने के कारण यहां के युवक-युवतियां रोजगार की तलाश में दूसरे राज्यों की ओर भटकते थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार की सोच है कि राज्य के युवाओं के हुनर का उपयोग कर उन्हें रोजगार से जोड़ें तथा उनके हुनर को सम्मान दें। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार की पॉलिसी है कि झारखंड में कार्यरत विभिन्न औद्योगिक संस्थाओं में 75 परसेंट मानव बल राज्य के हों, यह सुनिश्चित की जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में उद्योग से जुड़ी गतिविधियों को जीवित करने का कार्य किया जा रहा है। लोगों के सहयोग और राज्य सरकार की बेहतर पॉलिसी के तहत अधिक से अधिक निवेश झारखंड में हो, यह हमारी सरकार की प्राथमिकता है। राज्य सरकार निरंतर बेहतर कार्य योजना के साथ आगे बढऩे का काम कर रही है। लोकल को प्राथमिकताटेक्सटाइल कंपनियों के उद्घाटन के साथ-साथ टेक्सटाइल क्षेत्र में काम करने वाले 2,000 से अधिक लोगों को नियुक्ति पत्र मिल रहा है। रोजगार पाने वालों में 95 परसेंट लोग झारखंड के हैं, इसमें 80 परसेंट महिलाएं शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि घर परिवार में महिलाएं मजबूत होंगी तभी आने वाली पीढ़ी भी सशक्त हो सकेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार महिला सशक्तिकरण के लिए बेहतर कार्य योजना के साथ आगे बढ़ रही है। आने वाले दिनों में इन कार्य योजनाओं का रिजल्ट हम सभी के बीच अवश्य दिखेगा। धरातल पर उतर रहीं रोजगारपरक योजनाएं

उद्योग सचिव पूजा सिंघल ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन के नेतृत्व में उद्योग विभाग द्वारा निरंतर रोजगारपरक योजनाओं पर फोकस किया जा रहा है। मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार वैसे उद्योगों को धरातल पर उतारने का प्रयास किया जा रहा है जिनमें अधिक से अधिक लोगों को रोजगार मिल सके। आज इस मंच से 2 हजार लोगों को रोजगार मिल रहा है, जिसमें 80त्न महिलाएं शामिल हैं। नियुक्ति पत्र पाने वाली महिलाओं में वैसी युवतियां भी शामिल हैं, जो लॉककडाउन के पहले तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश और केरल जैसे राज्यों में काम कर रही थीं, राज्य सरकार ने उन्हें अपने गांव-घर या जिलों में ही रोजगार देने का भरोसा दिया था। मौके पर खिजरी विधायक राजेश कच्छप, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव राजीव अरुण एक्का, मुख्यमंत्री के सचिव विनय कुमार चौबे, उद्योग सचिव पूजा सिंघल, निदेशक उद्योग जितेंद्र कुमार सिंह, उपायुक्त रांची छविरंजन, प्रेसिडेंट औद्योगिक क्षेत्र कुल्ही एसोसिएशन दीपक अग्रवाल, ओरिएंट क्राफ्ट लिमिटेड के निदेशक सुधीर ढिंगरा, अरविंद टेक्सटाइल कंपनी के सीईओ अंकुर त्रिवेदी एवं मैट्रिक्स टेक्सटाइल कंपनी के एचआर हेड बीएन झा सहित अन्य नियोक्ता एवं नियुक्ति पत्र पाने वाले युवाओं समेत अन्य लोग मौजूद थे।

Posted By: Inextlive