RANCHI : सोमवार की शाम रांची में भले ही बादलों ने ईद के चांद को ढंके रखा, मगर ईद होने की खुशी के पैगाम को ढंक पाने में ये बादल नाकाम रहे। रांची तक खुशी का यह पैगाम पहुंच ही गया कि मंगलवार को ईद है। सोमवार की देर शाम एलान किया गया कि बिहार समेत देश के कई हिस्सों में ईद के चांद का दीदार हुआ है और मंगलवार को ईद मनाई जाएगी। जैसे ही यह एलान हुआ कि चांद दिख गया और मंगलवार को ईद मनाई जाएगी, वैसे ही लोगों ने ईद मुबारक कहते हुए एक-दूसरे को ईद की बधाई दी।

गवर्नर व सीएम ने दी बधाई

झारखंड के गवर्नर डॉ सैयद अहमद और सीएम हेमंत सोरेन ने भी स्टेट के लोगों को ईद की बधाई दी। चांद दिखने का एलान होते ही शहर के बाजार भी रौशनी से जगमगा उठे। चारों ओर खुशियां ही खुशियां नजर आने लगीं। वैसे तो ईद की खरीदारी लोग हफ्तों पहले से कर रहे हैं, लेकिन चांद रात को लोग खरीदारी का मौका नहीं छोड़ना चाहते थे। उल्लास के इस पर्व को लेकर बच्चों से लेकर बड़ों में खास बेताबी दिखी। महिलाएं ईद पर घर में बननेवाले विभिन्न प्रकार के पकवानों को बनाने की तैयारी में बिजी हो गई।

रांची व डोरंडा ईदगाह में नमाज सुबह 10 बजे

ईद की नमाज के लिए रांची के ईदगाह तैयार हैं। सोमवार को गाड़ीखाना स्थित रांची ईदगाह और डोरंडा ईदगाह में सोमवार को दिनभर तैयारी होती रही। मंगलवार को रांची ईदगाह और डोरंडा ईदगाह में सुबह 10 बजे ईद की नमाज अदा की जाएगी। बारिश होने की स्थिति में रांची ईदगाह में पढ़ी जानेवाली ईद की नमाज अपर बाजार स्थित जामा मस्जिद में सुबह 10 बजे पढ़ी जाएगी, जबकि डोरंडा ईदगाह में पढ़ी जानेवाली ईद की नमाज बारिश होने की स्थिति में डोरंडा जामा मस्जिद परिसर जैप वन में पढ़ी जाएगी। इनके अलावा ईद-उल-फित्र की नमाज डोरंडा पारसटोली ईदगाह में सुबह 9.30 बजे, बरियातू ईदगाह में सुबह 9.30 बजे और कांके ईदगाह में सुबह 10 बजे अदा की जाएगी। बारिश होने पर यहां भी नमाज की जगह में फेर-बदल किया जाएगा। इनके अलावा शहर की तमाम मस्जिदों में भी ईद की नमाज अदा की जाएगी। नमाजियों से घर से ही वजू बनाकर और मुसल्ला (जानमाज) साथ लेकर ईदगाह व मस्जिदों में आने की अपील की गई है।

Posted By: Inextlive