सिटी में शहंशाह नहीं निकल रहे हैं चोर. रोजाना ढाई बजे रात को चोर करते हैं परेड. सोने से फुर्सत नहीं मिल रही है पेट्रोलिंग पार्टी को

रांची (ब्यूरो)। अंधेरी रातों में सुनसान राहों पर शहंशाह फिल्म का यह गाना आप सब ने कभी न कभी जरूर सुना होगा। रांची के संदर्भ में इस गाने में एक बदलाव है, अंधेरी राहों पर अब शहंशाह नहीं चोर निकलते हैं। जी हां, अपने शहर और राजधानी रांची का हाल इन दिनों ऐसा ही हो गया है। यहां रात के अंधेरे में चोरों की टोली निकलती है और जिसे जो मिलता है उसपर हाथ साफ कर निकल जाते हैं। यहां तक कि ये टोली लोगों के घरों में लगे बिजली के तार भी गायब कर दे रही है। किसी एक रात की यह कहानी नहीं, बल्कि लगातार हर रात शहर के इलाकों में यह घटनाएं हो रही हैं। आम पब्लिक चोरी की इन घटनाओं से त्रस्त है। लोग सोशल मीडिया पर अपनी पीड़ा बता रहे हैैं।
पुलिस पेट्रोलिंग हो गई ध्वस्त
चोरों को चोरी करने की हिम्मत पुलिस के सुस्त रवैये से ही आ रही है। रात में पुलिस गश्ती पूरी तहर से ठप हो चुकी है। पीसीआर वाहन किसी सड़क किनारे गाड़ी खड़ी कर आराम फरमाते हैं। रात ग्यारह बजे के बाद पुलिस के जवानों की आंखें बंद होने लगती हैं। पुलिस के जवानों को सोने से फुर्सत नहीं मिलती, जबकि दूसरी ओर रात के डेढ़ बजे से चोरों का गिरोह एक्टिव हो जाता है। दो घंटे में चोर अपना काम निबटा कर अपने-अपने बिल में छिप जाते हंै। इधर सुबह में आम पब्लिक थानों के चक्कर लगाती नजर आती है। लेकिन, उनकी समस्याओं का समाधान नहीं होता। जिन-जिन व्यक्तियों के साथ ऐसा हुआ उन सब ने अपनी पीड़ा सोशल मीडिया पर रखी है। चोरों की कारस्तानी और पुलिस की लापरवाही की पूरी कहानी सोशल मीडिया पर तैर रही है।
बिजली के तार भी नहीं छोड़ रहे चोर
लोगों के घरों में जिस बिजली के तार से पावर सप्लाई होती है, चोर उन तारों को भी नहीं छोड़ रहे हैं। सिटी के अपर बाजार स्थित श्रद्धानंद रोड, काली बाबू स्ट्रीट और दूसरी गलियों में इस तरह की घटनाएं ज्यादा हो रही हैैं। यहां के स्थानीय नागरिक आनंद जालान ने बताया कि रात के दो बजे के आसपास चोरों की मंडली गलियों में घूमती है। सीसीटीवी में इसी समय कुछ लोगों के घूमते हुए फुटेज कैप्चर हुए हैं। चोरों का यह गैंग घरों के बाहर लगे बिजली के तार, अर्थिंग वायर, पाइप आदी काट कर ले जाते हंै। बिजली के तार तो पहले किसी हुक या दूसरे सामान की मदद से नीचे झुकाते हैं फिर उसे खींचकर अपने साथ ले जाते हैं। वारदात की यह पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हुई है। वहीं गली में एक बार भी पुलिस वाहन नहीं गुजरता है। जिस कारण चोरों का गिरोह आसानी से घटना को अंजाम देकर निकल जाता है।
सोशल मीडिया पर लोगों की बात
पीसीआर गाड़ी लगाकर बैठे रहते हैं। पुलिस यदि ईमानदारी से काम करेगी तो चोरी की घटनाओं में काफी कमी आ जाएगी।
- कुमार दीप

हर गली-मुहल्ले में चोर-उचक्के घूम रहे हैं। दिन में छिनतई और रात मेें चोरी की घटना को अंजाम दिया जा रहा है। गिरोह में बच्चे भी शामिल हैं।
- नावेद आलम

बरियातू रोड में भी इस तरह की घटनाएं बढ़ी हैैं। ठंड की वजह से लोग गहरी नींद में सोए रहते हंै। पुलिस भी आराम फरमाती रहती है और चोर सामान चुरा ले जाते हैं।
- आयुश आर्यन

सड़क पर पीसीआर सिर्फ शो-पीस बन कर खड़ी रहती है। रात में गाड़ी भी नजर नहीं आती। अपराध रोकने में पुलिस बिल्कुल फेल है।
- मो आबिद

यह कहानी किसी एक इलाके की नहीं, बल्कि पूरे शहर में चोरों ने आतंक मचा रखा है। पुलिस पर भरोसा करना बेकार है। अपनी रक्षा खुद करनी होगी।
- अभिषेक रंजन

चोर अपना काम कर रहे हैं लेकिन पुलिस क्या कर रही है, यह बड़ा सवाल है। क्या पुलिस सिर्फ चोरी की घटना की शिकायत लिखने के लिए है।
- रतिश कुमार

थाने में शिकायत देकर थक गए
चोरी की इस घटना के बारे में अपर बाजार के व्यापारियों ने लोकल थाने में कई बार आवेदन दिया है। लेकिन पुलिस कोई कदम नहीं उठा रही। न तो चोरों को गिरफ्तार की जा रही है और न ही रात में गश्ती बढ़ाई गई है। व्यवसायी प्रमोद सारस्वत ने बताया कि दुकानदार संघ की ओर से हम लोगों ने थाने में लिखित शिकायत दी है। अपर बाजार की गलियों में हर रात चोरी की घटना हो रही है। किसी की दुकान का ताला तोड़कर सामान गायब किया जा रहे है, तो कहीं बाहर खड़ी गाड़ी उड़ा ली जा रही है। घरों में लगे पाइप, मोटर, बिजली के तार भी सुरक्षित नहीं हैैं।

घटनाओं के बारे में जानकारी मिली है। सभी थाना प्रभारियों को पेट्रोलिंग सख्त करने के निर्देश दिए गए हैं। फुटेज के आधार पर पुलिस चोरों की तलाश कर रही है।
नौशाद आलम, प्रभारी एसपी (रांची सिटी)

Posted By: Inextlive