- डोरंडा, धुर्वा, रातू रोड, मोरहाबादी, कांटाटोली और बरियातू से मिले नए मरीज

- सिटी में कोरोना से एक की मौत, राज्य भर में 12 की जान गई

- 23 जिलों से मिले कोरोना के 1056 नए केसेज, 725 हुए स्वस्थ

कोरोना के बढ़ते मामले रांची में थमने का नाम ही नहीं ले रहे हैं। मंगलवार को रांची में कोरोना के 314 नए मरीजों की पुष्टि हुई। हालांकि, 82 मरीजों ने कोरोना को मात देते हुए हॉस्पिटल से डिस्चार्ज भी हासिल किया। वहीं सिटी से एक मरीज की मौत की भी खबर है। सिटी में कोरोना के नए मामले डोरंडा, धुर्वा, रातू रोड, मोरहाबादी, कांटाटोली और बरियातू इलाकों में पाए गए। इसके साथ ही रांची में एक्टिव केसेज की संख्या 2821 हो गई है। अब तक सिटी के 3571 मरीजों ने कोरोना को मात दी है। रांची में कोरोना से मरने वालों की कुल संख्या 51 हो गई है।

जमशेदपुर में 141 नए केस

राज्य भर में मंगलवार को 1056 नए मरीजों की पहचान हुई। सबसे ज्यादा रांची में 314 मरीज मिले। वहीं जमशेदपुर में 141 मरीजों की पुष्टि हुई। इस बीच राज्य भर के 21 जिलों से 725 लोग स्वस्थ भी हुए हैं। ठीक होने वालों में सबसे ज्यादा जमशेदपुर के 146 मरीज शामिल हैं। वहीं धनबाद से 81 और रांची से 82 लोगों ने कोरोना को मात दी। इस तरह अब झारखंड में एक्टिव केसेज की संख्या 10 हजार को पार कर गई है। वहीं मौत का आंकड़ा 347 पहुंच गया है।

पांच जिलों में 12 की मौत

कोरोना से मंगलवार को 12 लोगों की मौत हुई। अकेले जमशेदपुर में 8 लोग जिंदगी की जंग हार गए है। रांची से एक, पश्चिमी सिंहभूम से एक, बोकारो और कोडरमा से भी एक-एक मरीज की मौत की पुष्टि हुई है।

यहां से मिले नए मरीज

स्वास्थ्य विभाग की ओर से रात दस बजे जारी रिपोर्ट के अनुसार झारखंड में 1056 कोरोना पॉजिटिव मरीजों की पुष्टि हुई। इसमें रांची से 314, बोकारो से 68, देवघर से 24, धनबाद से 54, दुमका से 22, पूर्वी सिंहभूम से 141, गढ़वा से 17, गिरिडीह से 30, गोड्डा से 9, गुमला से 17, हजारीबाग से 58, जामताड़ा से 14, खूंटी से 14, कोडरमा से 34, लातेहार से 24, लोहरदगा से 17, पाकुड़ से 8, पलामू से 15, रामगढ़ से 67, सहिबगंज से 22, सरायकेला से 24, सिमडेगा से 27, पश्चिमी सिंहभूम से 36 मरीज शामिल हैं। इसके साथ ही राज्य में कोरोना के कुल मामले 32174 हो चुके हैं।

Posted By: Inextlive