रांची: वैश्विक महामारी कोरोना से बचने के लिए राज्य सरकार ने नियम बनाए हैं। मास्क लगाना अनिवार्य भी कर दिया गया है, जो भी व्यक्ति सरकार के आदेश का पालन नहीं कर रहा है या मास्क नहीं लगा रहा है उन पर फाइन किया जा रहा है। अगस्त महीने से फाइन वसूला जा रहा है। अगस्त महीने से ही लोगों को नियम मानने की अपील की जा रही है। लेकिन बार-बार अपील और फाइन के बावजूद अब भी स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ है। दो महीने में लगभग 2500 लोगों पर फाइन किया गया है। हालांकि, फाइन जमा करने वालों की संख्या आधे से भी कम है। 2500 में सिर्फ 200 लोगों ने ही फाइन जमा किया है।

60 हजार भी जुर्माना जमा नहीं

फाइन की राशि का 10 परसेंट भी अब तक जमा नहीं हुआ है। प्रशासन की ओर से लगातार रेड मारकर दुकानों पर फाइन तो की गई लेकिन फाइन की वसूली नहीं हो पाई है। दो महीने में लगभग 2500 लोगों पर लगभग 11.67 लाख का फाइन किया गया है, जिसमें 60 हजार रुपए की भी वसूली नहीं हुई है। इस कारण लोगों में कोरोना से बचाव के प्रति कोई सावधानी नहीं दिखा रहे हैं। सिटी के बाजारों में सैकड़ों लोगों की भीड़ उमड़ रही है। हालांकि, फाइन नहीं जमा करने वालों के खिलाफ पुलिस एक्शन ले सकती है। पुलिस द्वारा ऐसे लोगों की रिपोर्ट तैयार कर अभियोजन के लिए कोर्ट भेजने पर विचार चल रहा है।

नहीं हो रहा है सुधार

लगभग साढे़ ग्यारह लाख का फाइन होने के बाद भी सिटी के लोगों में कोई सुधार नहीं हो रहा है। बाजारों में पूजा का उत्साह छाया हुआ है। कोरोना महामारी का भय लोगों के दिल से निकल चुका है। लोग बिना मास्क के ही बाजारों में घूमते दिख रहे हैं। कई दुकानों में सेनेटाइजर का प्रयोग भी बंद कर दिया गया है, जहां सेनेटाइजर यूज हो रहा है वहां उसकी क्वालिटी सही नहीं है। सिर्फ खानापूर्ति के लिए सेनेटाइजर हाथ में दिया जा रहा है। इसके अलावा थर्मल स्कैनर से टेंप्रेचर मापना बंद हो चुका है। हालांकि कुछ स्थानों पर अब भी इन नियमों का पालन हो रहा है। वहीं भी इस पीड़ा से होकर गुजरा है उनकी पूरी फैमिली सावधानी बरत रही है।

मास्क का 500, आदेश का 150 रुपए फाइन

मोटर वाहन एक्ट की धारा 179 के तहत लोगों पर बगैर मास्क गाड़ी चलाने पर 500 रुपए का फाइन किया जा रहा है। वहीं सरकारी आदेश का पालन नहीं करने वालों से 150 रुपए फाइन लेने का प्रावधान है। प्रशासन की ओर से कुछ दिनों पहले तक सक्रिय होकर फाइन किया जरा रहा था। लेकिन कुछ दिनों से प्रशासन भी सुस्त नजर आ रहा है, जिसका परिणाम है कि दुकानदार, मॉल संचालक सभी अपने प्रतिष्ठान में भीड़ लगा रहे हैं। एक से एक ऑफर देकर लोगों को दुकान की ओर आकर्षित कर रहे हैं। लेकिन दुकानों में कोविड-19 से बचाव का कोई इंतजाम नजर नहीं आ रहा है। वहीं सड़कों पर भी काफी भीड़ हो रही है। अपर बाजार से लेकर मेन रोड, रातू रोड, सुजाता समेत अन्य कई जगहों पर जाम लग रहा है। इनमें कई लोग बिना मास्क के ही सड़कों पर निकल रहे हैं।

Posted By: Inextlive