- कांके रोड में पति-पत्नी की गला रेत कर हत्या

- डोरंडा फॉरेस्ट कॉलोनी में युवक को मारी गई गोली

- नगड़ी में होटल संचालक पर भी हुई फायरिंग, आम लोगों ने बचाया

शुक्रवार को तीन हत्याओं से रांची में सनसनी फैल गई। कांके रोड में जहां एक दंपती का कत्ल कर दिया गया, वहीं शाम को डोरंडा फॉरेस्ट कॉलोनी में एक युवक की गोली मार कर हत्या कर दी गई। इसके अलावा नगड़ी में एक होटल संचालक पर भी फायरिंग हुई, लेकिन आम लोगों के इकट्ठा होने के कारण उसे बचा लिया गया। हत्या की दोनों घटनाएं हाई सिक्योरिटी जोन में हुई। कांके रोड में कई वीवीआईपी आवास हैं। वहीं डोरंडा में हाई होर्ट के पास ही फायरिंग हुई, जिससे सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई तरह के सवाल उठ रहे हैं। पुलिस देर रात तक हत्यारों की तलाश में जुटी थी। घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम भी पहुंची और सैंपल इकट्ठा किया।

डोरंडा में फायरिंग, युवक की मौत

कोलकाता जा रहा था मुकेश, घात लगाए अपराधियों ने मार डाला

डोरंडा स्थित फॉरेस्ट कॉलोनी में अपराधियों ने एक युवक को गोली मार दी। युवक के कमर में गोली लगी। उसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी मौत हो गयी। फायरिंग की घटना रात आठ बजे हुई। मृतक का नाम मुकेश यादव है। वह फॉरेस्ट कॉलोनी से कोलकाता जाने के लिए निकला था। तभी घात लगाये अपराधियों ने मुकेश यादव को गोली मार दी। आनन-फानन में मुकेश के परिजनों ने उसे अस्पताल पहुंचाया।

हत्यारे को कई क्लू नहीं

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस का कहना है कि अब तक इस बात की जानकारी नहीं मिल सकी है कि अपराधियों ने युवक को गोली क्यों मारी। मामले की पड़ताल की जा रही है। युवक के परिजनों को घटना की जानकारी दी गयी है और उनसे पूछताछ की जा रही है।

Posted By: Inextlive