रांची : रांची के सूचना भवन के पास बुधवार की शाम लापरवाही के कारण बड़ा हादसा हो गया। ट्रक से मार्बल उतरवाने के क्रम में पांच मजदूर दब गए। इनमें दो की मौत हो गई। जबकि तीन गंभीर रूप से घायल हैं। तीनों को रिम्स में भर्ती कराया गया है। सभी की हालत नाजुक है। मृतकों में बजरंग महली (35) और मंगू उरांव (30) हैं। जबकि घायलों में कुलदीप तिग्गा, बबलू और भानू हैं। इनमें से कुलदीप की हालत बेहद नाजुक है। ये सभी मांडर के ब्रांबे के रहनेवाले हैं।

उतार रहे थे मार्बल

जानकारी के अनुसार बुधवार शाम करीब 7:45 बजे एक ट्रक से बड़े आकार के मार्बल पांच मजदूर उतार रहे थे। एक मजदूर ट्रक के ऊपर से नीचे खड़े मजदूरों के सिर पर मार्बल रख रहा था। इसके बाद चार मजदूर सिर पर ही ढोकर सीएम आवास में मार्बल ले जा रहे थे। इस दौरान अचानक नीचे खड़ा एक मजदूर फिसला और अनियंत्रित हो गया। उसके अनियंत्रित होने पर ट्रक के ऊपर खड़ा मजदूर भी अनियंत्रित हुआ और उसके हाथ से मार्बल छूट गया। इतने में सारे मार्बल ट्रक से खिसककर नीचे गिरने लगे। बड़ी संख्या में मार्बल मजदूरों के ऊपर ही गिर गए। देखते ही देखते मजदूर मार्बल के नीचे दब गए। इस दौरान वहां अफरातफरी मच गई। वहां और भी मजदूर थे। वे शोर मचाने लगे। शोर सुनकर वहां सुरक्षाकर्मी दौड़े और दबे मजदूरों को वहां से निकलवाया। इसके बाद पीसीआर वैन से ही तीनों को अस्पताल भेज दिया गया। जहां दो की इलाज के दौरान मौत हो गई।

बिना सुरक्षा उतरवाया जा रहा था मार्बल

जानकारी के अनुसार मार्बल रिया कंस्ट्रक्शन के मालिक श्यामल चटर्जी द्वारा उतरवा जा रहा था। इस दौरान सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं थे। न ठेकेदार द्वारा मजदूरों को हेलमेट दिया गया था, न ही सेफ्टी किट। बिना सुरक्षा के ही बड़े-बड़े आकार (5 गुना 10) के मार्बल उतरवाए जा रहे थे। ठेकेदार चाहते तो ट्रक को आवास के भीतर भी प्रवेश कराकर उतरवा सकते थे, लेकिन पिच सड़क पर जोखिम उठाकर उतरवाना शुरू कर दिया गया। इससे मजदूरों का पांव फिसला और एक बड़ा हादसा हो गया। घटना के बाद मौके पर ठेकेदार श्यामल चटर्जी भी पहुंचे थे।

नो एंट्री में घुस गया बड़ा ट्रक

जिस ट्रक से मार्बल उतारा जा रहा था, वह ट्रक नो एंट्री में शहर में घुसा था। सुरक्षा का ख्याल नहीं रखा गया। दो मजदूर उसी ट्रक के दबे, राहगीर भी दब सकते थे। घटना के दौरान कई राहगीर उसी सड़क से गुजर रहे थे। कई बाइक और कार भी हादसे से बच गए।

Posted By: Inextlive