बुढ़मू : बुढ़मू-उमेडंडा मुख्य पथ पर गुरहा नदी के पास मंगलवार की शाम लगभग सात बजे हुई सड़क दुर्घटना में जीजा साले की मौत हो गई। मृतकों में बुढ़मू थाना क्षेत्र का महुडर निवासी विनोद लोहरा 32वर्ष व उसका जीजा 35 वर्षीय भुरकुंडा रामगढ़ निवासी फूलचंद लोहरा शामिल हैं। जानकारी के अनुसार विनोद, फूलचंद और अमरेश लोहरा शाम में मुरूपीरी से महुडर के लिए दो बाइक पर चले थे। अमरेश आगे बढ़ गया। इसी बीच गुरहा नदी के पास अज्ञात हाइवा की चपेट में आकर विनोद और फूलचंद की मौत घटनास्थल पर ही हो गई। दुर्घटना में दोनों के सिर, पैर और हाथ में गहरी चोट लगी है। दुर्घटना की सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में किया। विदित हो कि प्रखंड क्षेत्र में आए दिन अवैध कोयला व बालू की ढुलाई करने वाले हाईवा की चपेट मे आकर ग्रामीण असमय काल की गाल में समा रहे हैं। इस पर स्थानीय प्रशासन भी मौत है।

हेलमेट नहीं पहने थे दोनों

सड़क दुर्घटना में मृत विनोद लोहरा व फूलचंद लोहरा दोनों ने हेलमेट नहीं पहना था। इसका उनके सिर में गंभीर चोट लगी। लोगों ने बताया कि दोनों ने हेलमेट पहना होता, तो उनकी जान बच सकती थी। फूलचंद लोहरा भुरकुंडा से सोमवार को अपनी ससुराल मुरूपीरी आया था।

बेड़ो में सड़क हादसा, दो घायल

बेड़ो : बेड़ो थाना क्षेत्र के पूजा रेस्टोरेंट के समीप रांची-गुमला मुख्य मार्ग पर मंगलवार की शाम लगभग साढ़े सात बजे एक बाइक सवार युवक द्वारा अपने आगे चल रहे बाइक में ठोकर मारने से दोनों बाइक सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में तेतर टोली बेड़ो निवासी 14 वर्षीय विकास तिर्की और करांजी गांव बेड़ो निवासी 42 वर्षीय जुलफान अंसारी शामिल हैं। उन्हें आसपास के लोगों ने इलाज के लिए बेड़ो सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। यहां डा। कुसुम लता ने दोनों घायलो का प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल विकास तिर्की को बेहतर इलाज के लिए रिम्स रेफर कर दिया।

Posted By: Inextlive