रांची: गुरुवार को 11 से 12 बजे तक के बीच रांची जिला प्रशासन द्वारा जागरुकता कार्यक्रम 01 घंटा 01 लाख सेल्फी, महा अभियान चलाया गया। इस महाअभियान में रांचीवासियों ने बढ़-चढ़ कर हिस्सा लिया। साथ ही, लोगों ने अपने सोशल मीडिया हैंडल ट्विटर, फेसबुक, इंस्टाग्राम सहित व्हाट्सएप्प के जरिए सेल्फी शेयर करते हुए एक ही अंदाज में लिखा रांची विद मास्क। इस कार्यक्रम में 1 घंटे में एक लाख सेल्फी का लक्ष्य रखा गया था, लेकिन सेल्फी लेने वालों की संख्या इस लक्ष्य से बहुत आगे निकल गई। आधिकारिक रूप में कुल सेल्फीज की संख्या 2.24 लाख रही, लेकिन फेसबुक, व्हाट्सएप, ट्विटर, इंस्टाग्राम आदि में भी लगभग 30,000 सेल्फीज प्राप्त हुई। इस प्रकार लगभग ढाई लाख से अधिक लोगों ने मास्क के साथ सेल्फी लेकर मास्क के प्रति चले अनूठे जागरुकता अभियान में अपनी भागीदारी निभाई। देश भर में यह अपनी तरह का एक अनूठा कार्यक्रम रहा।

अधिकारियों ने भी पहना मास्क

समाहरणालय परिसर में उपायुक्त, एसपी सिटी सहित सभी अधिकारियों एवं कर्मियों ने भी रांची विथ मास्क महा अभियान में एक साथ ली सेल्फी.सेल्फी आवर (11 से 12) के दौरान समाहरणालय परिसर में उपायुक्त रांची छवि रंजन, एसपी सिटी सौरभ सहित अन्य सभी विभागों के पदाधिकारियों एवं कर्मियों ने एक साथ मास्क वाली सेल्फी ली और अभियान के तहत अपने आसपास के लोगों को जागरूक करने की शपथ ली। इस अभियान में छात्रों, अभिभावकों, अध्यापकों, प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारियों, पीडीएस दुकानदारों, एएनएम, सहिया, प्रज्ञा केंद्रों आदि ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया। जिला स्तर पर विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों ने भी अपनी प्रखंड स्तरीय टीम सहित इस जागरूकता अभियान में लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करवाने को को लेकर उन्हें प्रेरित करने में अहम भूमिका निभाई।

सोशल मीडिया पर छाया

सोशल मीडिया पर दिनभर छाया रहा रांची विद मास्क कार्यक्रम 1 घंटे का था, लेकिन कार्यक्रम शुरू होने के पहले से लेकर समाप्त होने के बाद भी विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर रांची विद मास्क जमकर छाया रहा। बच्चों से लेकर बुजुर्गो तक सभी ने इस में बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया। दुकानदारों, सामाजिक संगठनों के कार्यकर्ताओं, प्रोफेशनल्स, मीडिया कर्मियों, सोशल मीडिया एक्टिविस्ट्स, अधिकारियों, कर्मचारियों सभी वर्गो के लोगों ने मास्क के साथ अपनी सेल्फी सोशल मीडिया पर पोस्ट की। डीसी ने ने सभी रांचीवासियों का धन्यवाद किया। साथ ही, उन्होंने कहा, अभियान का मुख्य लक्ष्य आमजनों को मास्क के इस्तेमाल के प्रति जागरूक करना था, जो कि रांची के सभी नागरिकों के सहयोग से सफल रहा। सोशल डिस्टेंसिंग का हर संभव प्रयास करें।

Posted By: Inextlive