सिटी के कॉमर्शियल एरिया में लगाए जाएंगे अंडरग्राउंड डस्टबिन
RANCHI: राजधानी में सफाई व्यवस्था धीरे-धीरे पटरी पर लौटने लगी है। डोर टू डोर कलेक्शन दुरुस्त करने के बाद नगर निगम ने सिटी के रोड साइड एरिया पर भी फोकस किया है। इसके बाद अब सिटी के कामर्शियल एरिया को भी साफ-सुथरा रखने की योजना है ताकि लोगों का सामना रास्ते में पड़े कूड़े से न हो जाए। ऐसे में रांची नगर निगम ने कॉमर्शियल एरिया में अंडरग्राउंड स्मार्ट डस्टबिन लगाने की योजना बनाई है, जिससे कि कचरा बाहर नहीं दिखेगा। वहीं नगर निगम को भी सफाई करने में परेशानी नहीं होगी।
स्मार्ट होंगे चिप लगे डस्टबिनकामर्शियल एरिया में लगाए जाने वाले अंडरग्राउंड डस्टबिन स्मार्ट होंगे, जिसमें चिप भी लगा होगा। ये डस्टबिन बाहर से दिखाई भी नहीं देंगे। स्मार्ट होने के कारण डस्टबिन में कचरा फुल होने की जानकारी मिलेगी। वहीं कंट्रोल रूम में अलार्म भी बजेगा। ऐसे में तत्काल डस्टबिन की सफाई कराई जाएगी। इसका एक फायदा यह होगा कि किसी भी हाल में डस्टबिन ओवरफ्लो नहीं होगा।
दुकानदारों को डालना होगा कचराअब सिटी के कामर्शियल एरिया में दुकान चलाने वाले अपनी मर्जी से जहां-तहां कचरा नहीं फेंक सकेंगे। चूंकि ऐसा करने वालों पर नगर निगम कार्रवाई करेगा। ऐसे में उन्हें हर हाल में अंडरग्राउंड डस्टबिन में ही कचरा डालना होगा। इसकी सारी मॉनिटरिंग कंट्रोल रूम से की जाएगी। ऐसे में कचरा डालने की पल-पल की रिपोर्ट नगर निगम के पास होगी। वहीं सफाई को बेहतर बनाने को लेकर और काम किया जाएगा।
ये होंगे फायदे नगर निगम की सिटी के कामर्शियल इलाकों में अंडरग्राउंड डस्टबिन लगाने के कई फायदे हैं। इसका एक फायदा यह होगा कि कचरा फुल होने के बावजूद बाहर कचरा दिखाई नहीं देगा। वहीं ओवरलोड होने की स्थिति में अलार्म बजने लगेगा। जिससे कि तत्काल सफाई कराई जा सकेगी। इसके अलावा पर्यावरण भी प्रदूषण से मुक्त होगा। वहीं कचरे से निकलने वाली खतरनाक दुर्गंध से लोगों को राहत मिल जाएगी। कचरा खुले में पड़ा होने से कई खतरनाक बीमारियां फैलने का खतरा भी बना रहता है। लेकिन डस्टबिन के आने से यह समस्याएं भी दूर हो जाएंगी। वहीं रोड पर घूमने वाले आवारा जानवर भी अब कचरा नहीं बिखेर सकेंगे।