RANCHI: उप राष्ट्रपति वेंकैया नायडू का रांची आगमन रविवार को होगा। वे आइआइएम द्वारा आर्यभटट ऑडिटोरियम में आयोजित एक कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। इसके बाद आइआइपीए के प्रतिनिधिमंडल से भी मिलेंगे। रात भर राजभवन मे विश्राम करेंगे और सोमवार को नौ बजे हेलीकॉप्टर से जमशेदपुर जाएंगे। उसी रोज चार बजे तक रांची एयरपोर्ट पर वापस आएंगे। इसके बाद उप राष्ट्रपति दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे।

दंडाधिकारियों की भी प्रतिनियुक्ति

उप राष्ट्रपति के आगमन की तैयारी को लेकर शनिवार को रिहर्सल किया गया। कारकेड को राजभवन से एयरपोर्ट और एयरपोर्ट से राजभवन तक दौड़ाया गया। उप राष्ट्रपति के आगमन को लेकर जिला प्रशासन ने अपनी तैयारी पूरी कर ली है। सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए है। विभिन्न चौक-चौराहा व इमारतों पर पुलिस पदाधिकारी व पुलिस बल को तैनात किया गया है। साथ ही दंडाधिकारियों की भी प्रतिनियुक्ति की गई है।

कारकेड में होंगे 18 वाहन

उपराष्ट्रपति के कारकेड में 18 वाहन होंगे। इसमें वार्निग कार के साथ-साथ स्टेट प्रोटोकॉल की टीम की कार, एंबुलेंस, बैगेज वैन सहित टेल कार होगा। इन सभी वाहनों का एमवीआइ जांच एवं एंटीसेबोटॉज जांच करवाकर पुलिस बलों के साथ सुरक्षा घेरे में रखा रहेगा। उप राष्ट्रपति का ब्लड ग्रुप ओ पॉजिटिव है। इसलिए एंबुलेंस में ओ पॉजिटिव ब्लड ग्रुप है। एंबुलेंस वाहन में चिकित्सा दल, आवश्यक उपकरण और जीवन रक्षक दवाइयां होंगी। शहर के 19 चौक चौराहों पर भीड़ की संभावनाओं को देखते हुए पुलिस बल प्रतिनियुक्ति की गई है। जिनकी संख्या 10 से 30 के बीच होगी।

114 इमारतों पर रहेगी पुलिस बल की तैनाती

शहर के 114 इमारतों पर पुलिस बल को तैनात किया गया है, जो आने-जाने लोगों को सख्त पैनी नजर बनाए रखेंगे। इसके अतिरिक्त वैकल्पिक रूटलाइनिंग के किनारे ऊंचे इमारतों पर भी पुलिस लाठी बल को तैनात किया गया है। सुरक्षा व्यवस्था को चार जोन में बांटा गया है। जिसके प्रभारी जोनल मजिस्ट्रेट और जोनल पुलिस पदाधिकारी को सौंपा गया है। जिनके अंतर्गत एक दर्जन से डेढ़ दर्जन सेक्टर बांटे गए हैं। इस के अतिरिक्त कार्यक्रम स्थल पर अग्निशमन सेवा की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।

Posted By: Inextlive