RANCHI:राजधानी रांची में हर तरफ फीकी, बेरंग और पोस्टरों से पटी दीवार देखने को मिलते थे। अब इसकी जगह रंग-बिरंगे, खूबसूरत पेंटिंग से सजी दीवारें दिखने लगी हैं। दरअसल, रांची नगर निगम ने शहर के सौंदर्यीकरण को लेकर विशेष अभियान शुरू किया है 'चलो रांची को रमणीक बनाएं'। इस कार्यक्रम के तहत जगह-जगह दीवारों पर स्थानीय कलाकारों की मदद से आकर्षक ग्रैफिटी और पेंटिंग बनवाई जा रही है। इसके अलावा नगर में साफ-सफ़ाई के साथ अन्य इलाकों को भी आकर्षक रूप दिया जा रहा। सबसे अच्छी बात यह है कि बेहद कम खर्च में शहर की दीवारों पर पेंटिंग बनवाई जा रही है।

पहाड़ी मंदिर का बदल गया लुक

इस अभियान की शुरुआत पहाड़ी मंदिर की सीढि़यों और बड़ा तालाब के आस पास की दीवारों से की गई थी। पहले पहाड़ी मंदिर की सीढि़यों को खूबसूरत बनाया गया और अब यह लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र भी बन गया है। इसमें पहले दीवारों की सफाई करके, उसपर ग्रैफिटी कला का इस्तेमाल करते हुए स्वछता की महत्ता को दर्शाया गया है। अब रांची नगर निगम के विकास भवन की दीवार है उस पर भी खूबसूरत पेंटिंग बनाई जा रही है।

लोगों के सहयोग से बदल रही है रांची

'चलो रांची को रमणीक रांची बनाएं' अभियान के बारे में नगर आयुक्त मुकेश कुमार ने कहा कि ये कोई योजना नहीं है, बल्कि एक अभियान है। मुख्यमंत्री की सोच के साथ, डिप्टी मेयर, सभी वार्ड के सदस्यों की मदद और जनभागीदारी के साथ हम रांची को रमणीक रांची में तब्दील करेंगे। नगर आयुक्त ने बताया कि इस अभियान के तहत मुख्य रूप से स्वच्छता को सौंदर्य से जोड़ा जा रहा है। आने वाले समय में कई और कार्य किए जाएंगे। जिसमें ग्रीन सेल्फी दीवार, ग्रीन डिवाइडर, अलग-अलग जगहों पर ओपन जिम, तिरंगे वाली लाइटें लगाई जाएंगी। अब तक रांची की दीवारों पर विभिन्न उत्पादों और सेवाओं के बारे में पोस्टर और विज्ञापन चिपके रहते थे। इससे सारी दीवारें बेहद जर्जर होती जा रही थीं। ऐसे में इस अभियान से खूबसूरती के साथ-साथ शहर में स्वच्छता को भी बढ़ावा मिलेगा।

शहर को सुंदरता से जोड़ना है

निगम के एक अधिकारी ने बताया कि रमणिक का मूल अर्थ सुंदर है और हमारे शहर की सुंदरता को जोड़ने के लिए इस अभियान के तहत उन जगहों पर, जहां हजारों लोग रोज आते या जाते हैं, को सुंदर बनाया जा रहा है। इस तरह की कलाकृति आमतौर पर पश्चिमी देशों में देखने को मिलती है। रांची में इस तरह की कलाकृतियां स्थानों को और अधिक आकर्षक बनाएंगी। इसे सेल्फी पॉइंट के रूप में भी प्रचारित किया जाएगा।

वी लव रांची

रांची की जो भी गंदी दीवार थी, उन पर आकर्षक पेंटिंग बनाकर लोगों को आकर्षित किया जा रहा है। बड़ा तालाब के पास एक दीवार पर पेंट से 'वी लव रांची' लिखा गया है। युवाओं को ये कलाकृतियां खासकर पसंद आ रही हैं। यहां पहुंचकर युवा सेल्फी ले रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि पहले ऐसी पेंटिंग महानगरों में देखने को मिलता था लेकिन अब हमारी रांची में भी है सब देखा कर अच्छा लग रहा है।

Posted By: Inextlive