रांची नगर निगम फ्री में देगा वाटर कनेक्शन. नगर निगम का आदेश लोग लें होल्डिंग नंबर. वाटर कनेक्शन नहीं लेने या बोरवेल पाये जाने पर वसूला जाएगा जुर्माना.

रांची(ब्यूरो)। नगर निगम ने रांची के 2 लाख 25 हजार हाउस होल्ड के लिए वाटर कनेक्शन लेना अनिवार्य कर दिया है। नगर निगम ने इस संबंध में आदेश जारी किया है, जिसमें कहा गया है ऐसे लोग जिनके घरों में बोरवेल और कुआं है, उन्हें भी वाटर कनेक्शन लेना होगा और मीटर लगवाना होगा।
फ्री में मिलेगा कनेक्शन
निगम की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि राजधानीवासियों को निगम वाटर कनेक्शन फ्री में उपलब्ध कराएगा। अगर कोई वाटर कनेक्शन नहीं लेता है और उसके घर में बोरवेल या कुआं जैसा कोई साधन पाया जाता है तो ऐसे लोगों से निगम जुर्माना वसूलेगा। लोगों के घरों में पाइपलाइन का कनेक्शन एलएनटी, नागार्जुन और जिंदल कंपनी देगी, जिसे जुडको ने एजेंसी के रूप में नियुक्त किया है। ये एजेंसियां पाइपलाइन बिछाने के साथ-साथ लोगों के घरों में नल के साथ वाटर मीटर भी लगाएंगी।
नल खुलते ही बिजली कटेगी
नगर निगम ने इस संबंध में बिजली विभाग को भी पाइपलाइन से जलापूर्ति के समय बिजली काटने को भी कहा है। ताकि, सभी घरों में पानी समान रूप से पहुंच सके। नगर आयुक्त के अनुसार कई लोग मोटर लगाकर पाइपलाइन से पानी खींच लेते हैं। निगम की टीम विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर ऐसे लोगों पर कार्रवाई भी करेगी।
डिप्टी मेयर चलाएंगे अभियान
नगर निगम राजधानीवासियों के घरों में शत-प्रतिशत घरों में वाटर कनेक्शन को सुनिश्चित करने के लिए निगम डिप्टी मेयर के नेतृत्व में अभियान चलायेगा। अभियान में डिप्टी मेयर के साथ विभिन्न वार्डों के पार्षद भी उपस्थित रहेंगे और लोगों को जागरूक करेंगे। इस अभियान में लोगों से होल्डिंग नंबर लेने की भी अपील की जाएगी।
वाटर लेवल ठीक रखने की कवायद
नगर निगम के उप नगर आयुक्त कुंवर सिंह पाहन ने दैनिक जागरण-आई नेक्स्ट के साथ बातचीत में बताया कि निगम रांची में भूगर्भ जल स्तर को संरक्षित रखना चाहता है। लोगों के घरों तक शुद्ध पेयजल पहुंचाना निगम का उद्देश्य है। इसके लिए निगम ने रांची के सभी घरों में पाइपलाइन के जरिए पानी पहुंचाने का लक्ष्य वर्ष 2024 तक रखा है। उन्होंने कहा कि रांची के कई इलाकों में ड्राई जोन की स्थिति है। इसलिए भूगर्भ जल को बचाने की जरूरत है, ताकि आनेवाली पीढिय़ों को भी हम शुद्ध पेयजल उपलब्ध करा सकें।
क्या कहते हैैं लोग
निगम की ओर से पानी की अनियमित रूप से आपूर्ति की जाती है। पानी कभी रात के 12 बजे तो कभी सुबह साढ़े तीन बजे पाइपलाइन के जरिये आता है। ऐसे में रात में जगकर पानी भरना काफी मशक्कत वाला काम है।
सुनील कुमार सिंह, हरमू हाउसिंग कॉलोनी

अधिकांश लोग पानी मोटर से खींच लेते हैं। ऐसे में हमारे क्षेत्र में पानी की भारी किल्ल्त रहती है। बिजली की अनियमित आपूर्ति भी पानी की समस्या का एक कारण है।
शुभांगी, धुर्वा, टंकी साइड

हमारे इलाके में पाइपलाइन बिछाने के नाम पर महज मजाक हुआ है। तीन बार पाइपलाइन बिछाई गई है। मीटर भी नहीं लगाया गया है। देखते हैं निगम कब तक हमलोगों को पानी पिलाता है।
अमित तिवारी, बजरा

Posted By: Inextlive