रांची: राजधानी में रांची में शनिवार को झमाझम बारिश हुई। शाम साढ़े तीन बजे से पांच बजे तक रांची में 27 मिमी बारिश रिकार्ड की गयी। इसके साथ ही तेज गर्जन और वज्रपात भी हुई। तेज बारिश के कारण कुछ देर के लिए पूरी रांची ठहर गयी। भारी बारिश के कारण सड़कों पर कई स्थान पर पानी जम गया। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को राज्य में मानसून सामान्य रहा। इसके कारण राज्य के विभिन्न हिस्सों में बारिश दर्ज की गयी। राज्य में सबसे ज्यादा बारिश रामगढ़ में 43.2 मिमी रिकार्ड की गयी है। मौसम विज्ञानी अभिषेक आनंद ने बताया कि राजस्थान में एक कम दबाव का चक्रवातीय क्षेत्र बना है। इसका टर्फ लाइन नगालैंड तक फैला हुआ है। इसका असर राज्य के मौसम पर देखने के लिए मिला है।

आज भी बारिश

रविवार को भी राज्य के विभिन्न जिलों में हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश होने की संभावना है। इसके साथ ही कई इलाकों में वज्रपात और मेघ गर्जन की संभावना भी है। राज्य में सात जुलाई तक मौसम में कोई खास परिवर्तन होने की संभावना नहीं है। इस बीच हल्के से मध्यम दर्जे के बादल छाए रहेंगे। रांची में भी रविवार को मध्यम दर्जे के बादल छाए रहेंगे। इसके साथ ही हल्की बारिश और वज्रपात की भी संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान रामगढ़ में 35.3 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान बोकारो में 22.6 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।

दामिनी एप का करें इस्तेमाल

अभिषेक आनंद ने बताया कि मानसून में राज्य में बड़ी संख्या में वज्रपात होता है। ऐसे में लोगों को मौसम विभाग के द्वारा अलर्ट पर ध्यान देने की जरूरत है। इसके साथ अपने स्मार्ट फोन में दामिनी एप रखें। इससे वज्रपात की सटीक जानकारी मिलती है। तेज बारिश और वज्रपात में किसी सुरक्षित स्थान पर शरण लें। हरे पेड़ से दूर रहें। इसके साथ ही बिजली के खंभों से भी अलग खड़े हों।

कई इलाके जलमग्न

राजधानी में शनिवार की शाम को हुई मूसलाधार बारिश से पूरा शहर जलमग्न हो गया। राजधानी के कोकर, मेन रोड, कांटा टोली, रमजान कॉलोनी, पथलकुदवा, ¨हदपीढ़ी आदि इलाके में सड़कों पर पानी भर गया। थड़पखना इलाके की सड़कों पर इतना पानी हो गया कि वहां खड़ी कारें डूब गईं। कई इलाकों में घरों में पानी घुस गया।

गौरतलब है कि राजधानी की ड्रेनेज व्यवस्था ठीक नहीं है। तेज बरसात होने पर सड़कों पर पानी भर जाता है। कई नाले चोक हैं। कुछ इलाकों में नाला निर्माण की जरूरत है। लेकिन, अभी तक इस दिशा में कोई कदम नहीं उठाया जा सका है। इसी के चलते शनिवार की शाम हुई तेज बारिश में कई सड़कें जलमग्न हो गईं। डेली मार्केट, जयपाल सिंह स्टेडियम का इलाका, कचहरी रोड पर हलधर प्रेस गली, अपर बाजार में रांची एक्सप्रेस गली आदि जगहों पर पानी भरने से लोगों को आवागमन में काफी दिक्कत का सामना करना पड़ा।

Posted By: Inextlive