RANCHI: कोरोना तेजी से अपने पांव पसार रहा है। इसी के तहत लोगों को हर हाल में मास्क लगाने को कहा गया है। वहीं पेट्रोल पंप पर बिना मास्क वाले को पेट्रोल -डीजल नहीं देने का आदेश है। इसके बावजूद सिटी के कुछ पेट्रोल पंप नियमों को ताक पर रखकर बिना मास्क पहने लोगों को पेट्रोल डीजल दे रहे हैं। कमाई के चक्कर में वे इतने बिजी हैं कि सेफ्टी का भी ख्याल नहीं रख रहे हैं। इससे साफ है कि कोरोना बांटने का इंतजाम अब कई पेट्रोल पंपों पर ही कर दिया गया है।

प्रशासन नहीं कर रहा कार्रवाई

बिना मास्क पेट्रोल-डीजल नहीं मिलेगा। यह देखते हुए फैसला लिया गया था कि हर पेट्रोल पंप पर नोटिस लगाया जाएगा। इसके बाद सभी पेट्रोल पंप वालों को सख्ती से नियमों का पालन भी करने को कहा गया। लेकिन आदेश के बाद भी वे अपनी मनमानी कर रहे हैं। अब उनकी मनमानी का खामियाजा पब्लिक भुगतेगी। इसके बावजूद प्रशासन ऐसे पंप संचालकों पर कार्रवाई नहीं कर रहा है।

खादगढ़ा बस स्टैंड से आगे, बहू बाजार

यहां पर जगह-जगह नो मास्क, नो पेट्रोल के पोस्टर लगाए गए थे, जिसे दिखाकर पहले तो लोगों को मास्क पहनने को लेकर अवेयर किया गया। लेकिन धीरे-धीरे कमाई के चक्कर में ये लोग सुरक्षा भूल गए। अब तो स्टाफ भी बिना ग्लव्स लगाए ही सर्विस दे रहे हैं। वहीं कस्टमर से तो यह भी नहीं पूछा जा रहा कि मास्क क्यों नहीं लगाया।

पगला बाबा आश्रम के बगल, कोकर

इस पेट्रोल पंप पर सैकड़ों गाडि़यां आती हैं। फिर भी स्टाफ सेफ्टी को लेकर गंभीर नहीं हैं। कुछ स्टाफ हैं जो खुद की सुरक्षा को लेकर मास्क-ग्लव्स लगा रहे हैं। लेकिन कुछ को कोरोना की परवाह नहीं। यही वजह है कि बिना मास्क के आने वाले कस्टमर्स को भी पेट्रोल-डीजल आसानी से दे रहे हैं। जबकि इस पेट्रोल पंप के पास से हर दिन पुलिस की गाडि़यां भी गुजरती हैं।

क्लूनी कॉन्वेंट स्कूल के पास, दीपाटोली

यहां की सर्विस अच्छी होने के कारण गाडि़यों की लाइन लगी रहती है। यहां पर स्टाफ ने भले ही मास्क लगा रखा है। लेकिन ग्लव्स तो शायद ही कभी लगाते हुए देखे जाते हैं। ऐसे स्टाफ कस्टमर्स से भी नहीं पूछते कि उन्होंने मास्क क्यों नहीं लगाया। वहीं उनसे लंबी बातें भी करते हैं। लेकिन ये नहीं जानते कि दूसरों की वजह से कोरोना की चपेट में आ सकते हैं।

Posted By: Inextlive