सीपीआई नेता सांसद विनय विश्वम ने मानव संसाधन विकास मंत्री रमेश पोखरियाल को पत्र लिखकर जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय जेएनयू के वाइस चांसलर एम जगदीश कुमार को हटाने की मांग की है। उनका कहना है कि वाइस चांसलर शुरुआत से ही यूनिवर्सिटी के इथिक्स के खिलाफ हैं।


नई दिल्ली (एएनआई)। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीआई) के सांसद विनय विश्वम ने गुरुवार को लिखे गए अपने पत्र में कहा कि जेएनयू में हिंसा के बाद बने हालातों को देखते हुए मैं आपसे वाइस चांसलर एम जगदीश कुमार को हटाने का आग्रह करता हूं। जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय छात्र संघ और जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय शिक्षक संघ की विश्वविद्यालय के भविष्य पर चर्चा के बाद यह गुजारिश है। उन्होंने आरोप लगाया कि वाइस चांसलर के नेतृत्व में विश्वविद्यालय प्रशासन की अक्षमता सामने आई है। कैंपस के हॉस्टल में बाहरी तत्वों का प्रवेश, छात्रों के उत्पीड़न के अलावा शिक्षकों और कर्मचारियों पर हमले को देखते हुए उन्हें तत्काल हटाने का आह्वान है। वाइस चांसलर शुरुआत से ही अपनी ड्यूटी निभाने में नाकाम
विश्वम ने यह भी आरोप लगाया कि वाइस चांसलर उनके कार्यकाल की शुरुआत से ही यूनिवर्सिटी के इथिक्स के खिलाफ है। उनके अपने कर्तव्यों को निभाने में असमर्थता को और अधिक अनदेखा नहीं किया जा सकता है। जेएनयू टीचर्स एसोसिएशन ने गुरुवार को बीते दिनों हुई हिंसा के विरोध में एक मार्च निकाला। उन्होंने कहा कि जेएनयू के छात्र और इस देश के नागरिक शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन करते हुए मध्य दिल्ली में दिल्ली पुलिस के हाथों घायल हो गए हैं। विरोध मार्च के दौरान पुलिस ने अंबेडकर भवन के पास प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया था जब वे राष्ट्रपति भवन की ओर मार्च कर रहे थे। राष्ट्रपति भवन की ओर मार्च के दौरान एक प्रदर्शनकारी घायल हो गया।जेएनयू कैंपस में कुछ नकाबपोश लोगों ने हमला कर दिया थाबता दें कि 5 जनवरी रविवार को जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) कैंपस में कुछ नकाबपोश लोगों ने हमला कर दिया था। नकाबपोश भीड़ ने वर्सिटी में स्टूडेंट और प्रोफेसरों पर लाठी और रॉड से हमला किया। इस दाैरान जेएनयूएसयू की अध्यक्ष आइशी घोष सहित 18 से अधिक छात्र घायल हो गए थे।

Posted By: Shweta Mishra