RANCHI : नगर निगम ने भले ही सफाई की कमान अपने हाथों में ले ली है। लेकिन सिटी के कई वार्डो में अब भी डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन के लिए निगम की गाडि़यां नहीं पहुंच रही हैं। इस वजह से जहां कचरे का अंबार लगा है। वहीं नालियों की सफाई नहीं किए जाने से वाटर लॉगिंग की समस्या से भी लोगों को दो चार होना पड़ रहा है। कम बारिश होने पर भी जल जमाव हो जा रहा है। इस मुसीबत के चलते कई लोगों को घर से में ही कैद रहना पड़ रहा है। ये दोनों समस्याएं सिटी के लोगों के लिए सिरदर्द बन गई हैं। फिर भी नगर निगम इस ओर ध्यान नहीं दे रहा है।

महामारी फैलने का डर

वार्ड 32 के शाहदेव नगर और लक्ष्मी नगर में डोर टू डोर कलेक्शन हो रहा है। लेकिन एक इलाका ऐसा भी है जहां महीने भर से गाडि़यां डोर टू डोर कचरा उठाने के लिए नहीं पहुंचीं। वहीं रोड किनारे फेंके गए कचरे का उठाव भी नगर निगम ने नहीं कराया। इसे लेकर निगम में कंप्लेन भी की गई। इसके बाद भी कोई झांकने नहीं आया। अब यहां रहने वाले लोगों को चिंता सता रही है कि कहीं इस बरसात में उनके इलाके में महामारी न फैल जाए।

नालियां जाम, पानी की निकासी बंद

नगर विकास मंत्री ने नालियों की सफाई कराने का आदेश दिया था। साथ ही पानी की निकासी के लिए भी पर्याप्त इंतजाम करने को कहा गया था। लेकिन मंगलवार को कुछ देर की बारिश ने ही इंतजाम की पोल खोल दी। एक तरफ मेन रोड में कई जगहों पर वाटर लॉगिंग हो गया। वहीं वार्ड 24 के पीपी कंपाउंड में भी पानी भर गया। इस वजह से पैदल चलने वालों के लिए आफत हो गई।

Posted By: Inextlive