-प्रशासन ने खतरे वाले बूथ चिन्हित किए, तीन श्रेणी में बांटे गए संवेदनशील बूथ

KANPUR: आगामी पंचायत चुनाव में प्रशासन को अंदेशा है कि कई पोलिंग बूथ पर अवांछनीय तत्व किसी अप्रिय घटना को अंजाम दे सकते हैं। इसके लिए प्रशासन पहले से अलर्ट मोड में आ गया है। प्रशासन ऐसे बूथों को चिन्हित कर विशेष सुरक्षा प्रबंध करने की तैयारी कर रहा है। खतरे वाले बूथों को तीन श्रेणी में बांटा गया है। कुल 825 पोलिंग बूथ में 311 बूथों को खतरनाक स्थिति वाला माना गया है। सर्वाधिक खतरनाक पोलिंग बूथ कल्यानपुर ब्लॉक में चिन्हित किए गए हैं।

'खतरनाक' बूथ की विशेष सुरक्षा

पंचायत चुनाव की दो दिन पूर्व आचार संहिता लागू होने के बाद प्रशासन ने चुनाव शांतिपूर्ण कराने के लिए कमर कसना शुरू कर दी है। पिछले पंचायत चुनाव में प्रदेश में हुई हिंसा व बवाल को ध्यान में रखते हुए 'खतरनाक' पोलिंग बूथों को चिन्हित कर लिया गया है। इन बूथों की विशेष सुरक्षा के लिए गहन विचार विमर्श प्रशासनिक अधिकारी कर रहे हैं। चार चरण में चुनाव के विभिन्न विकास खण्डों में जो खतरनाक पोलिंग बूथ हैं, उन्हें इस बार तीन श्रेणी में रखा गया है। प्रथम संवेदनशील, द्वितीय अति संवेदनशील और तीसरा अतिसंवेदनशील प्लस श्रेणी के बूथ होंगे। सबसे ज्यादा खतरनाक पोलिंग बूथों में कल्यानपुर का पहला व घाटमपुर ब्लॉक का नंबर दूसरा है। उप जिला निर्वाचन अधिकारी व एडीएम फाइनेंस शत्रुघ्न सिंह ने बताया कि संवेदनशील, अतिसंवेदनशील व अतिसंवेदनशील प्लस बूथों की सुरक्षा व्यवस्था त्रिचक्रीय होगी, ताकि वहां परिंदा भी पर न मार सके। इन बूथों पर स्पेशल फोर्स की तैनाती की जाएगी।

कितने बूथ 'खतरनाक'

विकास खण्ड -- कुल पोलिंग बूथ - संवेदनशील - अतिसंवेदनशील - अतिसंवेदनशील प्लस

शिवराजपुर - 72 - 7 - 7- 7

बिल्हौर - 100 - 10 -10-10

ककवन - 38 - 4 - 4 - 4

कल्यानपुर - 73- 18 - 21- 7

चौबेपुर - 71- 7 - 7 - 7

सरसौल - 71 - 18 - 16 - 7

विधनू - 76- 24 - 14 - 7

पतारा - 77 - 8 - 7 - 7

घाटमपुर - 145 - 15- 14 - 14

भीतरगांव - 102 - 10- 10- 10

Posted By: Inextlive