प्राथमिक विद्यालय राजापुर में नगर निगम द्वारा किया गया कामिक्स का वितरण

prayagraj@inext.co.in

PRAYAGRAJ: शहर को स्वच्छ बनाने और छोटे-छोटे बच्चों को स्वच्छता की जानकारी देने के लिए नगर निगम एडमिनिस्ट्रेशन ने अब फेमस कार्टून चाचा चौधरी और साबू का सहारा लिया है। चाचा चौधरी और साबू बच्चों को कचरे को बाय-बाय करने का पाठ पढ़ाएंगे।

70 बच्चों को दी गई

सोमवार से विद्यालयों में चाचा चौधरी के कामिक्स के वितरण का कार्य शुरू हुआ। पहले दिन राजापुर स्थित प्राथमिक विद्यालय में अपर नगर आयुक्त ऋतु सुहास जोनल अधिकारी डीपी सिंह, पार्षद निक्की कुमारी, स्कूल के प्रिंसिपल अमानउल्लाह की मौजूदगी में करीब 70 बच्चों को चाचा चौधरी की कामिक्स दी गई।

मजेदार है कहानी

बच्चों को जो कामिक्स दी जा रही है, उसमें स्वच्छता जागरुकता से संबंधित कहानियां हैं। कामिक्स की कहानी के अनुसार साबू व्यायाम के लिए निकलता है। सड़क पर कूड़ा पड़ा होने से वह परेशान होकर चाचा चौधरी से बताता है। चाचा चौधरी इसका समाधान तलाशने के बारे में सोचते हैं। एक विशेषज्ञ से सलाह लेते हैं तो वह गीले और सूखे कूड़े का निस्तारण कैसे होता है, इसकी जानकारी देता है। इस कचरे से खाद कैसे बनती है। इसके बारे में बताता है। फिर लोगों को इसके बारे में जागरूक किया जाता है। धीरे-धीरे शहर स्वच्छ हो जाता है।

स्वच्छता कोई थोपने की चीज नहीं है, बच्चों की आदत और व्यवहार में यह शामिल हो सके, इसलिए उन्हें स्वच्छता का पाठ पढ़ाने की जरूरत है। इसलिए मनोरंजन के साथ उन्हें यह जानकारी दी जा रही है। अधिक से अधिक स्कूलों में कामिक्स का वितरण किया जाएगा।

ऋतु सुहास

अपर नगर आयुक्त, नगर निगम

Posted By: Inextlive