RANCHI: कांके डैम में मछलियों के मरने की घटना लगातार बढ़ती ही जा रही है। मंगलवार को भी डैम के पानी में ऊपर मरी हुईं मछलियों को देखा गया। संख्या दिनोंदिन बढ़ती ही जा रही हैं। पानी में मरी मछलियों की सड़ांध के कारण आसपास के लोगों का सांस लेना मुश्किल हो गया है। लोग अपने घरों की खिड़कियां और दरवाजे तक बंद रख रहे हैं। विदित हो कि डैम के चारों तरफ का इलाका घनी आबादी वाला है और कई परिवार यहां रहते हैं। लोगों का कहना है कि सड़ांध और गंदगी के कारण समस्या काफी बढ़ती जा रही है। डैम की सफाई कराई जानी चाहिए और सारी मरी हुई मछलियों को बाहर निकालकर फेंका जाना चाहिए नहीं तो बदबू और भी ज्यादा बढ़ती जाएगी

नाव पर चुनी जा रहीं मरीं मछलियां

बदबू और गंदगी से बचने का कोई उपाय नहीं किया जा रहा है। डैम में मछली का टेंडर जिस समिति को दिया गया है वो भी सिर्फ खानापूर्ति में लगी है। एक नाव पर मात्र एक स्टॉफ से मरी हुई मछलियों की लास उठवाई जा रही हैं। माना जा रहा है कि मरने वाली मछलियों की संख्या काफी अधिक है। ऐसे में इस तरीके से डैम को साफ करने में काफी समय लग सकता है।

मरीं मछलियां सड़-गलकर पानी में घुल रहीं

ऊपरी सतह पर ही कई मछलियों के शरीर देखे जा सकते हैं। मरने के बाद पानी से नहीं निकाले जाने के कारण ये मछलियां सड़-गलकर पानी में ही घुल जा रही हैं। इससे पानी भी दूषित और बदबूदार होता जा रहा है।

इलाके में मक्खी-मच्छरों का प्रकोप

पूरे इलाके में मक्खी और मच्छरों का प्रकोप अचानक ही बढ़ गया है। पानी के किनारे जिन लोगों के घर हैं वे लोग परेशान हो चुके हैं। एक तरफ बदबू तो दूसरी तरफ मक्खी-मच्छर के कारण लोगों का रहना दूभर हो जा रहा है।

बीमारी के खौफ से सहमे लोग

लोगों में बीमारियों की भी दहशत हावी होती जा रही है। सिटी में डेंगू और चिकनगुनिया का आंतक फैला है। इलाके में कई बच्चे लगातार बीमार पड़ रहे हैं और उनकी जांच कराई जा रही है। स्थानीय लोगों में आक्रोश है कि इस तरफ न तो नगर निगम का ध्यान है न ही स्थानीय प्रशासन का।

वर्जन

बदबू के कारण हमलोग घर से बाहर पांच मिनट खड़े नहीं हो पा रहे हैं। अब बदबू धीरे-धीरे घर के अंदर भी पहुंच रही है। इस कारण रहना मुश्किल हो रहा है।

राकेश कुमार

मोहल्ले में कई छोटे-छोटे बच्चे हैं, जो सड़क पर ही खेलते हैं। बदबू और गंदगी के कारण उनलोगों का खेलना बंद हो गया है। कुछ दिनों से मच्छर-मक्खी भी काफी बढ़ गए हैं। अब डर लग रहा है कि चिकनगुनिया और डेंगू का आंतक न फैल जाए।

राजीव कुमार

मरीं मछलियों से उठ रही सड़ांध के कारण मक्खी-मच्छर बढ़ रहे होंगे। वहां गंदगी भी फैल रही है और पानी भी दूषित हो रहा है। इसको तुरंत साफ कराया जाना चाहिए नहीं तो बीमारियां फैल सकती हैं।

डॉ पीके सिन्हा, फिजिशियन

Posted By: Inextlive