भाजपा प्रदेश अध्यक्ष की हुंकार, सलाखों के पीछे होंगे माफिया

शहर पश्चिमी में भ्रमण के बाद कौशांबी रवाना हुई परिवर्तन यात्रा

ALLAHABAD: सपा और बसपा के जातिवादी राजनीति के दिन लद गए हैं। अब विकास और समरसता की सरकार का उप्र में भाजपा के रूप में आना तय है। यह बात भाजपा प्रदेश अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य ने मंगलवार को परिवर्तन यात्रा के दौरान कही। उन्होंने जनता को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा की सरकार बनते ही लुटेरे और माफिया जेल में बंद होंगे। बहन-बेटियां सुरक्षित होंगी और प्रभावशाली व्यक्तियों के खिलाफ भी बराबरी की कानूनी कार्रवाई होगी।

नोटबंदी से तड़प रहीं बहनजी

कहा कि जनता बसपा, सपा और कांग्रेस की मिलीभगत को समझ गई है। कहा कि नोटबंदी से प्रदेश में सबसे ज्यादा बहन मायावती की आत्मा तड़प रही है। वह राष्ट्रहित में हुए निर्णय को कोस रही है और कांग्रेस बूढ़े शेर की भांति भोजन को तरस रही है। अगर कैराना और मेरठ जैसी घटनाओं की पुनरावृत्ति हुई तो प्रदेश सरकार को गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। विधायक रीता जोशी, विधायक लक्ष्मण आचार्य, प्रदेश मंत्री महेश चंद्र श्रीवास्तव ने अपने संबोधन में विरोधी पार्टियों को कोसा और कहा कि प्रदेश की गरीब जनता को शोषण हो रहा है और गरीबों की बहन बेटी व भूमि सुरक्षित नहीं है।

जगह-जगह हुआ भव्य स्वागत

मंगलवार को हाइड्रोलिक रथ पर सवार परिवर्तन यात्रा सुबह दस बजे सुंदरम गेस्ट हाउस से निकलकर जानसेनगंज, रेलवे स्टेशन, खुल्दाबाद, हिम्मतगंज, कर्बला तिराहा, महिला ग्राम चौराहा, अमित दीप मोटर्स, हनुमान वाटिका, बमरौली होते हुए कौशांबी के लिए रवाना हो गई। इस दौरान पुरामुफ्ती थाना चौराहा पर बने मंच से महानगर अध्यक्ष अवधेश गुप्ता ने कौशांबी जिलाध्यक्ष रमेश पासी को परिवर्तन रथ सौंपा। इसके पहले भाजपा समाज कल्याण प्रकोष्ठ महानगर के अध्यक्ष रतन खरे के नेतृत्व में परिवर्तन रथ का मनमोहन पार्क पर भव्य स्वागत किया गया। परिवर्तन रथ के साथ प्रेम नारायण केसरवानी, लल्लू लाल कुशवाहा, चंद्रमा सिंह, राम प्रकाश, रवि केसरवानी, आशीष गुप्ता, अनिल केसरवानी, डॉ। प्रेमलता श्रीवास्तव, मारुत्यानंद मिश्रा, विष्णु वर्मा, प्रदीप पांडेय आदि उपस्थित रहे।

जयललिता के निधन पर शोकसभा

भाजपा महानगर अध्यक्ष अवधेश गुप्ता की अध्यक्षता में महानगर कार्यालय पर हुई आवश्यक बैठक में तमिलनाडु सीएम जयललिता के निधन पर शोकसभा का आयोजन किया गया। इस दौरान उन्होंने कहा कि जयललिता का जीवन संघर्षो से भरा रहा और उनके देहांत से राजनीति जगत को अपूर्णनीय क्षति पहुंची है। सभा में उपस्थित अरुण अग्रवाल, राजेंद्र मिश्रा, संजय गुप्ता, आशीष गुप्ता, विक्रमजीत सिंह, प्रमोद जायसवाल, राजू पाठक, कुंज बिहारी मिश्रा आदि ने दो मिनट का मौन रखकर आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की।

Posted By: Inextlive