हरिद्वार में कांवरियों का सैलाब उमड़ा हर तरफ बम-बम भोले की गूंज सुनाई दी...


HARIDWAR: कांवड़ मेला संडे को चरम पर पहुंच गया। हरकी पैड़ी और आसपास के गंगा घाट ही नहीं चारों ओर डाक कांवड़ यात्रियों का सैलाब नजर आ रहा है। हाईवे पर पूरे दिन डाक कांवड़ यात्रियों के वाहन फर्राटा भर रहे हैं। दिल्ली-हरिद्वार हाईवे और हरिद्वार-लक्सर मार्ग पर सैटरडे आधी रात से ही जाम के हालात बने हैं। हरिद्वार से होकर नीलकंठ महादेव जाने वाले कांवड़ यात्री आठ से दस घंटे तक जाम में फंसे रहे। पुलिस प्रशासन के अनुसार अब तक तीन करोड़ 28 लाख 42 हजार से अधिक कांवड़ यात्री गंगा जल लेकर वापसी कर चुके हैं। श्रावण मास की शिवरात्रि ट्यूजडे को है। जलाभिषेक के लिए गंगाजल भरने को कांवड़ यात्रियों का सैलाब धर्मनगरी में उमड़ा है। हर ओर बम-बम भोले की गूंज सुनाई पड़ रही है। दिल्ली, हरियाणा और पश्चिमी उप्र के डाक कांवड़ यात्रियों का जत्था पूरे दिन गंतव्यों की ओर तेजी से बढ़ता रहा। हरिद्वार-दिल्ली हाईवे के साथ ही कनखल और उत्तरी हरिद्वार की सड़कों पर भी कांवड़ यात्रियों की भीड़ रही। एसपी सिटी और मेला प्रभारी कमलेश उपाध्याय ने बताया कि कांवड़ मेला चरम पर है।

हेलीकॉप्टर से की पुष्प वर्षा
हरकी पैड़ी और आसपास गंगा घाटों पर संडे दोपहर शिवभक्तों पर पुष्प वर्षा कर उनका स्वागत किया गया। पर्यटन मंत्री और जिले के प्रभारी मंत्री सतपाल महाराज के निर्देश पर जिला पर्यटन विकास अधिकारी सीमा नौटियाल ओर तहसीलदार आशीष घिल्डियाल ने पुष्प वर्षा की।

Posted By: Inextlive