कांग्रेस पर साधा निशाना, कहा प्रदेश सरकार नहीं खरीद रही बिजली

केंद्रीय मंत्री पीयूष गायेल ने युवाओं व किसानों को लुभाने का किया प्रयास

प्रधान मंत्री नरेन्द्र मोदी के विद्युत सहित कई योजनाओं पर डाला प्रकाश

2019 तक हर घर में बिजली पहुंचाने का लक्ष्य

pratapgarh@inext.co.n

PRATAPGARH: प्रदेश की सपा सरकार पर हमला बोलते हुए केंद्रीय ऊर्जा मंत्री पीयूष गोयल ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का जम कर बखान किया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2019 तक हर घर में बिजली पहुंचाने का लक्ष्य प्रधान मंत्री ने रखा है। युवाओं व छात्र छात्राओं की दुखती नब्ज को छूते हुए केंद्र की रोजगारपरक योजनाओं पर भी प्रकाश डाला। सधे हुए अंदाज में किसानों का भी दिल जीतने की कोशिश की।

केंद्र की योजनाओं को गिनाया

वह यहां शहर के हादीहाल में दीनदयाल विद्युतीकरण योजना का शिलान्यास कर रहे थे। कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि पिछली सरकार के कार्यकाल में वर्ष 2011-12 में 11715 करोड़ रुपये में महज 27 फीसदी धन खर्च किया गया। 40 लाख 86 हजार करोड़ रुपये विद्युतीकरण के लिए रखा गया था जिसमें महज 4 लाख 10 हजार करोड़ खर्च हो पाए। हालात साफ हैं कि लोगों को बिजली देने में कांग्रेस पूरी तरह फ्लाप रही है।

जनसुविधा बढ़ा रही है केंद्र

भाजपा की केंद्र सरकार जनता को जोड़ते हुए सुविधा देने का काम कर रही है। प्रदेश की सपा सरकार को आड़े हाथ लेते हुए गोयल ने कहा कि केंद्र सरकार के पास पर्याप्त बिजली है। लेकिन प्रदेश सरकार बिजली नहीं खरीद रही है। जिससे प्रदेश के जिलों में बिजली का संकट उत्पन्न है। इसके साथ ही केंद्रीय राज्य मंत्री ने कई योजनाओं के बारें में विस्तार से बताई। इस मौके पर सांसद विनोद सोनकर, कुंवर हरिवंश सिंह, पूर्व मंत्री राजेंद्र प्रताप सिंह उर्फ मोती, पूर्व विधायक बृजेश सौरभ, रामशिरोमणि शुक्ल, लक्ष्मीनारायण पांडेय, हरिप्रताप सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश त्रिपाठी ने भी लोगों को संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन भाजपा नेता अवधेश मिश्र ने किया।

बाक्स

मंच पर भाजपा व अद में दिखा मतभेद

केंद्रीय मंत्री के हादीहाल पहुंचने पर उनके साथ मंच पर बैठने के लिए भाजपा व अपना दल के कार्यकर्ता लालायित रहे। भाजपा व अपना दल के कार्यकर्ता अपने-अपने नेताओं व पार्टियों को लेकर नारेबाजी करते रहे। सांसद कुंवर हरिवंश सिंह के अलावा मंच पर बने कुर्सी पर अद का कोई कार्यकर्ता नहीं बैठा। इसके अलावा भाजपा कार्यकर्ताओं ने भाषण के दौरान सांसद से सपोर्ट न मिल पाने की बात भी मंच से मंत्री को बताया। जिस पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने जमकर ताली बजाई। कार्यक्रम में भाजपा महिला नेत्री रमा मिश्रा, श्याम सुंदर टाऊ, धीरज ओझा, केके सिंह, राजेश सिंह, राघवेंद्र सिंह उर्फ राजू, मनोज सिंह, अभय सिंह राजन, गिरधारी सिंह, कुंदन सिंह, अभय प्रताप सिंह पप्पन, रवि गुप्त, संजय सिंह टिंकू, लक्खू चौधरी, बृजेश पटेल, यशवंत पटेल, आदि मौजूद रहे।

बाक्स

कांग्रेस व भाजपा कार्यकर्ताओं में भिड़ंत

केंद्र सरकार के ऊर्जा राज्य मंत्री पीयूष गोयल हादीहाल के सभागार में कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। तभी कांग्रेस के प्रमोद तिवारी यूथ ब्रिगेड के जिलाध्यक्ष दानिश माबूद अपने पदाधिकारियों के साथ केंद्रीय मंत्री को विद्युत विभाग से संबंधित ज्ञापन देने जा पहुंचे। हादीहाल के अंदर पहुंचते ही उन्हें भाजपा कार्यकर्ताओं ने रोक लिया। इससे परिसर में हंगामा होने लगा। हंगामे के साथ कांग्रेस व भाजपा कार्यकर्ता एक दूसरे से उलझ गए और हाथापाई होने लगी। भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेसियों को गेट के बाहर धक्का देते हुए भगा दिया जिससे कांग्रेसी आक्रोशित हो गए। इस बीच पुलिस बल वहां पर पहुंच गई और दोनों पार्टियों को समझाबुझा कर शांत कराई। कांग्रेसी नेता दानिश माबूद ने बताया कि वह सिर्फ समस्याओं को लेकर ज्ञापन देने जा रहे थे। उनकी पार्टी ने केंद्रीय मंत्री का कोई विरोध नहीं जताया था। फिर भी भाजपा ने तानाशाही रवैया अपनाया। कहा जा रहा है कि यह भाजपाइयों द्वारा कुछ माह पूर्व राहुल गांधी को ज्ञापन देने जा रहे कार्यकर्ताओं से कांग्रेसियों द्वारा की गई मारपीट का बदला है।

Posted By: Inextlive