-ठप नहीं रहेंगे सबस्टेशन, ब्रेकडाउन होने पर भी मिलेगी बिजली

-सबस्टेशनों को दो ट्रांसमिशन से जोड़कर पॉवर सप्लाई देने का कर रहा इंतजाम

-नई लाइन, केबल बिछाकर सबस्टेशंस को करेगा इंटरकनेक्ट

KANPUR@Inext.co.in

KANPUR: कानपुराइट्स के लिए अच्छी खबर है। ट्रांसमिशन स्टेशन में खराबी या फिर 33 केवी लाइन में ब्रेकडाउन या अंडर केबल फाल्ट के कारण न तो घंटों सबस्टेशन ठप रहेंगे और न ही आपको पॉवर क्राइसिस से जूझना पड़ेगा, क्योंकि केस्को ने अल्टरनेट पॉवर सप्लाई के लिए बैकअप प्लान तैयार कर लिया है। इसके लिए केस्को अफसरों ने एस्टीमेट तैयार करके टेंडर भी कॉल किया है।

अभी तक नहीं था बैकअप प्लान

केस्को के सिटी में लगभग 83 सबस्टेशन हैं। ये सबस्टेशन 220 केवी आरपीएच, बिठूर, नौबस्ता, कानपुर साउथ रुमा, पनकी और 132 केवी आजाद नगर, कृष्णा नगर, मेहरबान सिंह का पुरवा, दादा नगर आदि ट्रांसमिशन स्टेशन से जुड़े हैं। ट्रांसमिशन स्टेशन से सबस्टेशनों को 33 केवी ओवरहेड लाइन या अंडरग्राउंड से बिजली दी जाती है। जिससे इन सबस्टेशंस के जरिए 5.40 लाख घर, मार्केट और फैक्ट्रीज में पॉवर सप्लाई की जाती है। पर ट्रांसमिशन स्टेशन फेल होने या ट्रांसमिशन से सबस्टशनों को जाने वाली 33 केवी की लाइन या केबल में ब्रेकडाउन या फाल्ट होने पर केस्को का कोई बैकअप प्लान नहीं था। इसी वजह से पिछले साल आंधी तूफान के कारण छप्पर मूलगंज, चौक सर्राफा, शास्त्री नगर, गुमटी, फजलगंज आदि सबस्टेशन ठप हो गए थे। अल्टरनेट पॉवर सप्लाई का इंतजाम न होने की वजह से इन सबस्टेशन को चालू करने में दो दिन का वक्त लग गया था। वहीं 33 केवी लाइन में ब्रेकडाउन, अंडरग्राउंड केबल में फाल्ट आदि वजह से घंटों सबस्टेशन ठप रहना सिटी में आमबात हो चुकी है। पिछले 16 घंटे तक सर्वोदय नगर व आरटीओ सबस्टेशन ठप रहने की वजह से बिजली संकट से जूझ रहे लोगों ने आगजनी व तोड़फोड़ तक की थी।

ये है बैकअप प्लान

केस्को ने कांटीन्यू पॉवर सप्लाई के लिए एक बैकअप प्लान तैयार किया है। इस बैकअप प्लान में शहर स्थित सभी सबस्टेशनों को शामिल किया गया है, जिससे कि एक सबस्टेशन ठप होने के कारण एक साथ 50 से 60 हजार लोगों को पॉवर क्राइसिस से न जूझना पड़े। इस प्लान के तहत सबस्टेशनों को दो ट्रांसमिशन स्टेशनों से पॉवर सप्लाई देने का इंतजाम किया जा रहा है। जिससे कि एक ट्रांसमिशन स्टेशन फेल होने या ब्रेकर, पॉवर ट्रांसफॉर्मर में खराबी के कारण एक साथ कई सबस्टेशन ठप न हो। इसका एक फायदा यह भी होगा कि ट्रांसमिशन स्टेशन से सबस्टेशन जाने वाली 33 केवी ओवरहेड लाइन या अंडरग्राउंड फाल्ट होने पर दूसरे ट्रांसमिशन से जोड़कर केस्को सबस्टेशन को चालू कर देगा। इसी कड़ी में अभी तक बिठूर ट्रांसमिशन से जुड़े दयानन्द विहार, सिंहपुर व बिठूर सबस्टेशन को नई लाइन व केबल बिछाकर आजाद नगर ट्रांसमिशन स्टेशन से जोड़ने की तैयारी की जा चुकी है। इसी तरह आजाद नगर ट्रांसमिशन से जुड़े जरीबचौकी व आलूमंडी कोपरगंज डिवीजन के सबस्टेशनंस को आरपीएच ट्रांसमिशन से भी जल्द ही केस्को जोड़ देगा। इसी तरह हाईवे सिटी सबस्टेशन को कृष्णा नगर ट्रांसमिशन के अलावा कानपुर साउथ रूमा ट्रांसमिशन से भी जोड़ेगा। केस्को अफसरों के मुताबिक जहां दो ट्रांसमिशन स्टेशन से सबस्टेशनों को पॉवर सप्लाई देना संभव नहीं है, वहां सबस्टेशनंस को इंटरकनेक्ट करेगा। इसके लिए भी हाईटेंशन पोल, इलेक्ट्रिसिटी, अंडरग्राउंड केबल केस्को बिछाएगा।

कॉल किए गए टेंडर

केस्को अफसरों ने बैकअप प्लान को हकीकत में बदलने के लिए टेंडर भी कॉल किया है। इसमें दयानन्द विहार, सिंहपुर, बिठूर, जरीबचौकी व आलूमंडी डिवीजन के सबस्टेशन व हाइवे सिटी सबस्टेशन शामिल हैं। इन्हें अल्टरनेट लाइन, केबल बिछाकर नजदीकी ट्रांसमिशन आजाद नगर, आरपीएच व कानपुर साउथ रूमा से केस्को जोड़ेगा। अल्टरनेट पॉवर सप्लाई के इस इंतजाम पर करीब 70 लाख रुपए खर्च होने की संभावना है।

ताकि फाल्ट, ब्रेकडाउन पर ठप न रहे सबस्टेशन

सबस्टेशन- दयानन्द विहार, सिंहपुर, बिठूर

अभी जुड़े हैं- बिठूर ट्रांसमिशन से

अब जुड़ेंगे- आजाद नगर ट्रांसमिशन से भी

खर्च- 20.0 लाख

सब स्टेशन- जरीबचौकी, जवाहर नगर, अफीमकोठी, आलूमंडी कोपरगंज

अभी जुड़े- आजाद नगर ट्रांसमिशन से

अब जुड़ेंगे- आरपीएच ट्रांसमिशन से भी

खर्च- 28.50 लाख

सबस्टेशन- हाइवे सिटी

अभी जुड़ा है- कृष्णा नगर ट्रांसमिशन

अब जुड़ेगा- कानपुर साउथ रूमा से

खर्च- 21.50 लाख

'सबस्टेशनों को कम से कम दो ट्रांसमिशन स्टेशनों से पॉवर सप्लाई देने के व्यवस्था की जा रही है। इससे एक ट्रांसमिशन में खराबी या सबस्टेशन जाने वाली लाइन में गड़बड़ी या ब्रेकडाउन होने पर दूसरे ट्रांसमिशन स्टेशन से सप्लाई दे दी जाएगी.'

-योगेश हजेला, चीफ इंजीनियर केस्को

Posted By: Inextlive