- मेरठ में खादी कामगारों की संख्या करीब 9000

- यूनिवर्सिटी में विशेष प्रदर्शनी का आयोजन

 

Meerut : देश के खादी के कामगारों को अब अटल पेंशन योजना से जोड़ा जाएगा। इसकी घोषणा भारत सरकार के केंद्रीय मंत्री सूक्ष्म, लघु और मध्यम मंत्रालय कलराज मिश्र ने की। गुरुवार को यूनिवर्सिटी के प्रेक्षागृह में खादी ग्रामोद्योग आयोग द्वारा एक सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस मौके पर एक प्रदर्शनी का भी आयोजन हुआ। कलराज मिश्र की ओर से ही इस बारे में घोषणा की गई।

 

सभी कामगार किए जाएंगे पंजीकृत

उन्होंने कहा कि अब देश के 11.27 लाख खादी कामगारों को इस योजना से जोड़ा जाएगा। उन्होंने बताया कि सभी कामगारों के जनधन योजना के तहत अकाउंट खुल चुके होंगे। सभी के पास आधार कार्ड भी बने होंगे। ऐसे में इस योजना का लाभ सभी को आसानी से मिल सकेगा। साथ ही देश के सभी कामगारों को पीएम सुरक्षा बीमा योजना के तहत पंजीकृत करने को कहा गया है। बता दें कि खादी कामगारों के लिए पहले से ही जनश्री बीमा योजना चल रही है। जिसमें देश के 2.86 लाख कारीगर पंजीकृत हैं। जिनमें से 1.28 लाख यूपी के कारीगर हैं। वहीं मेरठ में कारीगरों की संख्या 9000 है।

 

काम के आधार पर मिले सब्सिडी

कलराज मिश्र ने एक बात साफ कर दी कि अब सब्सिडी उन्हीं लोगों को दी जाएगी, जिनके काम में गुणवत्ता होगी। उन्होंने कहा कि आज लोगों में धारणा बन चुकी है कि सब्सिडी मिलना उनका अधिकार है, लेकिन ऐसा नहीं है। सब्सिडी से देश नहीं चलता।

 

प्रदर्शनी का हुआ आयोजन

इस मौके पर खास प्रदर्शनी का आयोजन हुआ, जिसमें देश के चार राज्यों के कामगारों द्वारा बनाई गई खादी की वस्तुओं का प्रदर्शित किया गया। इस मौके पर हाल में खादी की डेनिम जींस को भी रखा गया। इस प्रदर्शनी का उद्घाटन कलराज मिश्र ने किया। साथ ही उन्होंने प्रदर्शनी में रखी वस्तुओं की काफी सराहना की। इस मौके पर आयोग के सीईओ अनिल कुमार झा, डिप्टी सीईओ करनैल सिंह, डिप्टी सीईओ केएस राव, मेरठ दक्षिण विधायक रविंद्र भड़ाना, वरिष्ठ भाजपा नेता और पूर्व विधायक मोहन लाल कपूर आदि कई लोग मौजूद रहे।

 

 

कुछ ऐसी है खादी की तस्वीर

 

देश में खादी के उत्पादन में कुल खर्च : 870.29 लाख रुपए।

देश में खादी की कुल उत्पादन : 95.70 लाख मीटर।

देश में खादी की कुल बिक्री : 1144.90 लाख रुपए

देश में खादी के कुल कामगार : 11.27 लाख

देश में खादी से रिलेटेड कुल कार्यशील संस्थाएं : 2194

यूपी में खादी के उत्पादन में कुल खर्च : 215.57 लाख रुपए।

यूपी में खादी की कुल उत्पादन : 43 लाख मीटर।

यूपी में खादी की कुल बिक्री : 344.31 लाख रुपए।

यूपी में खादी के कुल कामगार : 4.15 लाख।

यूपी में खादी से रिलेटेड कुल कार्यशील संस्थाएं : 58.

देश में खादी के उत्पादन में मेरठ का कुल हिस्सा : 25 फीसदी।

मेरठ में खादी के कामगारों की कुल संख्या : 9000.

Posted By: Inextlive