आगरा। थाना बरहन के नगला नत्था में उस दौरान अफरा-तफरी मच गई जब गांव के एक युवक ने चरी के खेत में एक बच्चे को कपड़े से बंधा देखा। वह उसे मुक्त कराता इससे पहले ही बदमाशों ने तमंचा तान दिया। उसे वहां से भगा दिया। युवक गांव में गया तो ग्रामीणों को इसकी जानकारी हुई लेकिन तब तक बदमाश वहां से निकल गए। मौके पर तीन थानों का फोर्स पहुंच गया।

चारा काटने गया था

गांव नगला नत्था निवासी अभय रविवार की शाम 4 बजे गांव से 1 किमी। दूर चारा काटने खेत में गया था। चारा काटते हुए वह मोबाइल में गाने सुन रहा था। चरी के खेत में जैसे ही वह आगे बढ़ा वैसे ही उसने देखा कि खेत के बीचों-बीच एक 5 से 6 साल का बच्चा पड़ा हुआ था। उसके हाथ, पैर, मुंह सफेद रंग के कपड़े से बंधे हुए थे। बच्चा बहुत गोरा था। अभय को देख बच्चा रोने लगा।

तमंचा तान कर बदमाशों ने भगाया

अभय ने जैसे ही बच्चे को खोलने का प्रयास किया वैसे ही एक बदमाश पीछे से आया और तमंचा तान दिया। वहां दूसरा बदमाश भी आ गया उसके पास दूसरा असलाह था। बदमाशों ने उसे टोका तो उसने भागने का प्रयास किया इस पर बदमाशों ने गोली मारने की धमकी दी। इस पर अभय रुक गया। बदमाशों ने उससे कहा कि पहले सिर पर चारे का वजन रख इसके बाद जा।

बदमाशों ने की तीन राउंड फायरिंग

अभय गांव में गया तो शोर मचा कर ग्रामीणों को इसकी जानकारी दी। ग्रामीण दौड़ कर मौके पर पहुंचे तो बदमाशों ने ग्रामीणों पर तीन राउंड फायर कर दिए। फायरिंग होते ही भीड़ तितर-बितर हो गई। बदमाश मौके से गायब हो गए। इसके बाद ग्रामीणों ने पुलिस को फोन कर घटना की जानकारी दी।

तीन थानों की फोर्स ने की तलाश

मौके पर सीओ एत्मापुर के साथ थाना बरहन, एत्मादपुर, खंदौली की पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने ढाई घंटे तक खेतों में कोम्बिंग की लेकिन बदमाशों का पता नहीं चल सका। किडनैप हुआ बच्चा आसमानी रंग का कुर्ता पहने हुआ था। पुलिस ने ग्रामीणों के बताए रास्ते पर ही देखा यदि पुलिस नाकेबंदी कर अतिरिक्त फोर्स बुला कर तीनों गांव में तलाश कराती तो शायद बदमाश मिल सकते थे। ग्रामीणों का कहना था कि बदमाश इतनी जल्दी गांव से नहीं निकल सकते।

Posted By: Inextlive