घरवालों को फोन करके मांग रहा था पांच लाख की फिरौती

चरवा और एसओजी ने अमित को कानपुर से किया बरामद

KAUSHAMBI(10Jan,JNN):

गवर्नमेट प्रेस कर्मचारी फूलसिंह का अगवा किया गया बेटा अमित सकुशल कानपुर से बरामद हो गया है। अमित ने अपनी माशूका से मिलने के लिए खुद ही अपहरण का नाटक रचा था। अमित गर्लफ्रेंड पर पैसा लुटाने के लिए मोबाइल से घर फोन करके पांच लाख की फिरौती झटकने की कोशिश में लगा था।

शुक्रवार को हुआ था गायब

चरवा थाने के बरौलहा गांव निवासी फूलसिंह का एकलौता बेटा अमित इंटर का छात्र है। शुक्रवार को अमित घर से शौच के लिए जाने की बात कहकर निकला था। इसके बाद से उसका कुछ पता नहीं चला। शाम को अमित के मोबाइल से घर फोन पहुंचा। फोन करने वाले ने अमित को अगवा कर लिए जाने की जानकारी दी। साथ ही घरवालों से पांच लाख की फिरौती मांगी। फोन आने के बाद से घरवालों के होश उड़ गए। फूलसिंह घटना को लेकर बेचैन हो उठे। उन्होने मामले की तहरीर पुलिस को दी। अपहरण की सूचना से पुलिस महकमा एलर्ट हो गया। मामला अफसरों के संज्ञान में आया तो एसपी ने सीओ के नेतृत्व में चरवा थाने और एसओजी की टीम को लगा दिया। शनिवार की सुबह अमित ने फिर फोन करके पिता से बात की। बताया कि उसे चार पहिया से अगवा किया गया है। अपहरण करने वालों ने उसकी आंख में काली पट्टी बांध कर उसे कमरे में रखा है। इसके बाद से अमित का फोन स्वीच ऑफ हो गया। पुलिस ने अमित के मोबाइल को सर्विलांस पर लिया तो उसकी लोकेशन कानपुर में पता चली। पुलिस ने उसे वहां से बरामद कर लिया है।

अमित की थी दो गर्लफ्रेंड

अमित की एक गर्लफ्रेंड गांव में है जबकि दूसरी कानपुर की है। दोनों से अमित काफी बात किया करता था। कानपुर वाली लड़की से मिलने के लिए ही वह कानपुर गया था। यहां पैसे की जरूरत होने पर उसने अपहरण का स्वांग रचकर घर फोन किया।

Posted By: Inextlive