-चाचा और भतीजा दोनों ही सेना से रिटायर्ड हैं, चाचा की नहीं हुई थी शादी

-आरोपी परिवार संग फरार, आरोपी की भैंस, कुत्ता, राइफल कब्जे में ली

मेरठ : दौराला के गांव दादरी में भतीजे ने शराब पीकर सगे चाचा गोली मारकर हत्या कर दी। इसके बाद आरोपी परिवार संग फरार हो गया। चाचा और भतीजा दोनों ही सेना से रिटायर्ड हैं। जबकि चाचा शादीशुदा नहीं था।

आए दिन होती थी मारपीट

गांव दादरी निवासी 50 वर्षीय विजयपाल ने शादी नहीं की थी। सेना से रिटायर्ड होने के बाद वह गांव के अपने हिस्से के मकान में रहने लगा। जबकि उसके अन्य भाइयों का आसपास ही मकान है। वहीं पर विजयपाल का भतीजा विनोद पुत्र मुन्ना का भी मकान है। विनोद भी कुछ महीने पूर्व ही सेना से रिटायर्ड होकर आया है। ग्रामीणों ने पुलिस को बताया कि विनोद शराब पीकर आए दिन परिवार और पड़ोसियों से गाली गलौज व गोली मारने की धमकी देते हुए दबंगई दिखाता है। शनिवार शाम करीब साढ़े सात बजे विनोद अपने चाचा विजयपाल सिंह से बात कर रहा था। तभी दोनों में कहासुनी होने हुई तो विनोद चाचा को खींचकर बाहर सड़क पर ले गया। विनोद ने चाचा से कहा वह अपने किए की माफी मांगे, लेकिन विजयपाल ने मना कर दिया, जिसके बाद विनोद ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से विजयपाल सिंह के पेट में गोली मार दी। गोली लगते ही विजयपाल सड़क पर गिर गया। राहगीरों ने उसे पकड़ने की कोशिश की, मगर वह फरार हो गया।

पड़ोसियों ने पुलिस को बुलाया

पड़ोसियों ने सूचना पुलिस को दी। जब तक पुलिस पहुंचती, तब तक विनोद पत्नी, बच्चे और अन्य परिजनों संग फरार हो गया। मौके पर पहुंचे दौराला सीओ, दौराला एसओ ने ग्रामीणों के बयान दर्ज कर आरोपी के मकान की तलाशी कराई। पुलिस ने आरोपी के घर से तीन भैंस, कुत्ता और एक लाइसेंसी राइफल बरामद की। जबकि जिस पिस्टल से गोली मारी गई नहीं मिली।

भतीजे ने चाचा की गोली मारकर हत्या कर दी। तीन भैंस को कांजी हाउस भिजवाया जाएगा, वहीं राउड बिलर नस्ल के कुत्ते को चौकी पर रखा जाएगा। राइफल थाने में जमा होगी। आरोपी पकड़ा जाएगा।

विजय प्रकाश,सीओ दौराला

Posted By: Inextlive