RANCHI: गुरुवार की दोपहर कॉलेज से घर लौट रही ख्0 वर्षीया एक छात्रा को सनकी युवक ने सरेआम चाकू मार कर जख्मी कर दिया। घटना जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र के सिंहमोड़ के पास की है। लोगों ने हमलावर मो असगर अली अंसारी को पकड़ लिया और जमकर धुनाई कर दी। इसके बाद उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया। हमलावर मो असगर अली अंसारी बोकारो जिले के महेशपुर गांव का रहनेवाला है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। शुक्रवार को पुलिस उसे जेल भेजेगी। वहीं, जख्मी युवती को गुरुनानक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

कैसे घटी घटना

जानकारी के मुताबिक, छात्रा मूल रूप से हजारीबाग जिले के ईचाक की रहनेवाली है। इंटर तक उसने संत कोलंबस कॉलेज हजारीबाग में पढ़ाई की। मो असगर अली भी उसी कॉलेज में पढ़ता था। आगे की पढ़ाई के लिए युवती रांची आ गई और जेवियर कॉलेज में पार्ट वन में एडमिशन करा लिया। यहां वह अपने चाचा-चाची के साथ लटमा रोड के क्रिस पैलेस में रहती थी। अचानक गुरुवार को मो असगर अली अंसारी युवती के फ्लैट में पहुंच गया। उस समय छात्रा घर में मौजूद नहीं थी। युवक ने उसकी चाची को छात्रा से प्यार करने की बात कहीं। इस पर उसकी चाची ने उसे डांट पिलाई और वहां से भगा दिया। वह सिंहमोड़ की ओर आने लगा, तब तक छात्रा रिक्शा पर सवार होकर आती दिखी। युवक ने उसे वहीं पर रोक कर प्यार का इजहार कर दिया। जब छात्रा ने विरोध किया, तो मो असगर हार्डवेयर दुकान पर गया और चाकू लाकर उस पर हमला कर दिया। उसकी गाल व पेट पर चाकू से वार कर दिया। एक युवती पर युवक को हमला करते देख आसपास के लोग जुट गए और युवक को पकड़ कर धुनाई कर दी। इसके बाद उसे जगन्नाथपुर पुलिस के हवाले कर दिया गया।

युवक का आरोप

युवक का कहना है कि छात्रा उसे दो साल से फोन करती थी। वह उसे दिल्ली जाने से मना करती थी। लेकिन, पुलिस उसकी किसी बात पर विश्वास नहीं कर रही है।

Posted By: Inextlive