CHAIBASA: कोल्हान यूनिवर्सिटी (केयू) के प्रोवीसी डॉ रणजीत कुमार सिंह शुक्रवार को रांची राजभवन पहुंचे। उन्होंने 12 मार्च को आयोजित होने वाले केयू के चौथे कॉन्वोकेशन में कुलाधिपति सह राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू को बतौर मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया। राज्यपाल ने विवि का आमंत्रण स्वीकार किया। प्रतिकुलपति ने राज्यपाल को समारोह की तैयारियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। दूसरी तरफ विश्वविद्यालय की ओर से समारोह में शामिल होने वाले सिंडिकेट, सीनेट सदस्य व राज्यपाल के लिए गमछे की खरीद की गयी। विवि का दीक्षांत समारोह पूरी तरह भारतीय परिधान में आयोजित होगा। इसमें छात्र जयपुरिया साफे से बनी गुलाबी रंग की पगड़ी, सफेद कुर्ता-पायजामा और गले में झारखंडी गमछा रखेंगे। छात्राएं सफेद सलवार सूट और ओढ़नी के रूप में झारखंडी गमछा का ही इस्तेमाल करेंगी। सिर पर गुलाबी रंग की पगड़ी होगी।

स्मारिका का प्रकाशन आज

केयू के चौथे कॉन्वोकेशन की स्मारिका का प्रकाशन अगले 24 घंटे में हो जायेगा। शुक्रवार को स्मारिका प्रकाशन कमेटी के अधिकारियों ने प्रकाशित होने वाले लेख को अंतिम रूप दिया। विश्वविद्यालय के प्रवक्ता डॉ। एके झा ने बताया कि स्मारिका से संबंधित सारे कार्य हो चुके हैं। शनिवार तक प्रकाशन हो जायेगा।

आज से बंटेंगे परिधान

दीक्षांत समारोह को लेकर विवि की ओर से 9 मार्च से परिधान वितरण किया जाएगा। टाटा कॉलेज में परिधान वितरण को लेकर कुल छह काउंटर बनाए गए हैं। शुक्रवार को विवि के परिधान समिति की बैठक हुई। इसमें प्रत्येक स्टॉल में परिधान वितरण के लिए तीन-तीन सदस्यों को जिम्मेदारी सौंपी गई। इस कमेटी के कन्वेनर डॉ आरके चौधरी ने बताया कि परिधान का वितरण 9, 10 व 11 मार्च को सुबह 11 बजे से शाम 4.30 बजे तक किया जाएगा। 12 मार्च को सुबह 8 बजे 12 बजे तक समिति परिधान वितरण होगा।

व्यवस्था का जायजा लिया

दीक्षांत समारोह के कार्यक्रम स्थल में निर्धारित क्षमता से अधिक लोगों के मौजूद होने की स्थिति में बैठक की व्यवस्था का जायजा लिया गया। तय किया गया कि मुख्य सभागार के आसपास के गलियारे व दूसरे स्थल को भी उपयोग में लाया जायेगा। कुर्सियों की व्यवस्था रहेगी।

Posted By: Inextlive