- व्यापारी की पत्‍‌नी ने लगाए गंभीर आरोप

GORAKHPUR:

गोरखनाथ एरिया के नथमलपुर निवासी संजय कुमार की पत्‍‌नी साधना जायसवाल ने वाणिज्य कर कार्यालय के कर्मचारियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। शुक्रवार को पत्रकारवार्ता में कहा कि उनके पति की बलदेव प्लाजा में मोबाइल शॉप है। कागजात चेक करने के बहाने अक्सर कुछ कर्मचारी दुकान पर पहुंचते थे। वह लोग नए मॉडल का हैंडसेट देखकर बिना पैसा दिए लेकर चले जाते थे। महिला ने कहा कि इसकी शिकायत करने पर कर्मचारी खार खा गए। 18 मई को कुछ कर्मचारी उनकी दुकान में पहुंचे। दुकान के भीतर रखे मोबाइल जबरन ले जाने लगे। इसका विरोध करने पर संजय को जबरन गाड़ी में लाद ले गए। महिला ने कहा कि अधिकारी हर महीने 25 हजार रुपए की मांग करते हैं। महिला ने आरोप लगाया कि उनके पति को कर्मचारियों ने कमरे में बंद करके पीटा। उनकी सोने की चेन, ब्रेसलेट और 20 हजार नकदी छीन लिया। शिकायत करने पर पुलिस ने मुकदमा नहीं दर्ज किया। उनके पति को फर्जी मुकदमों में फंसा दिया गया। महिला ने चेताया कि यदि 25 मई तक उनके पति के खिलाफ दर्ज मुकदमा नहीं हटाया गया तो वह डीएम कार्यालय पर आमरण अनशन शुरू करेंगी।

Posted By: Inextlive