- बद्रीनाथ हाईवे पर लामबगड़ में लगातार गिर रहा पहाड़ी से मलबा

DEHRADUN: चार धाम यात्रा मार्गो पर भूस्खलन के कारण यात्रियों की परेशानी कम होने का नाम नहीं ले रही है। चमोली के लामबगड़ में भूस्खलन जोन में लगातार मलबा गिरने से यातायात प्रभावित हो रहा है। बुधवार सुबह खुला यह मार्ग दोपहर बाद फिर लामबगड़ में मलबा आने से बंद हो गया। जिससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। उधर, केदारनाथ, यमुनोत्री व गंगोत्री हाईवे सुचारू हैं।

भूस्खलन ने बढ़ाई यात्रियों की परेशानी

चार धाम यात्रा मार्गो में भूस्खलन से लगातार यातायात प्रभावित हो रहा है। चमोली के लामबगड़ में बद्रीनाथ हाईवे पिछले दस दिनों से लगातार बाधित हो रहा है। पहाड़ी से लगातार गिर रहे मलबे के कारण हाईवे पर यातायात संचालन कराना चुनौती बना हुआ है। बुधवार को भी मलबे के कारण दोपहर बाद लामबगड़ से वाहनों की आवाजाही नहीं हो पाई। शाम तक इस स्थान पर मलबा गिरना जारी था। लामबगड़ में पैदल आवाजाही भी पुलिस और एसडीआरएफ की निगरानी में कराई जा रही है। राज्य मौसम केंद्र के अनुसार अगले चौबीस घंटे में पहाड़ी जिलों में तेज बौछारें पड़ सकती हैं, जबकि मैदानी क्षेत्रों में मौसम सामान्य रहेगा।

Posted By: Inextlive