इंडोनेशिया में भूकंप-सुनामी से मरने वालों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। अब तक इस आपदा के चलते 1500 से अधिक लोगों की मौत हो गई है।

पालू (एएफपी)। इंडोनेशिया में भूकंप-सुनामी से मरने वालों की संख्या थमने का नाम नहीं ले रही है। अधिकारियों ने बताया कि सर्च टीम ने शुक्रवार को फिर कई मृत शरीरों को खोज निकाला है और अब एक हफ्ते में इस आपदा से मरने वालों संख्या 1500 से ऊपर पहुंच गई है। बता दें कि इंडोनेशिया के प्रभावित क्षेत्रों में गुरुवार से पीड़ित लोगों के लिए अंतर्राष्ट्रीय सहायता पहुंचने लगी है। संयक्त राष्ट्र का कहना है कि आपदा क्षेत्र में लगभग 2 लाख लोगों को मानवीय सहायता की आवश्यकता है।
हाथ से लोगों को निकालना मुश्किल
अधिकारियों ने पहले ध्वस्त हुए इमारतों के नीचे फंसे लोगों को ढूंढकर निकालने के लिए शुक्रवार की एक समयसीमा तय की थी। हालांकि, बढ़ते मौतों की संख्या को देखकर ऐसा नहीं लगता आज सभी लोगों को मलबे से निकाला जा सकता है। स्थानीय सैन्य प्रवक्ता मोहम्मद थॉहिर ने कहा कि मरने वाले लोगों की संख्या बढ़कर 1,558 हो गई है। बचावकर्मी लगातार आपदा प्रभावित क्षेत्रोँ में लोगों की तलाश में जुटे हैं। इंडोनेशिया की खोज और बचाव एजेंसी के प्रवक्ता यूसुफ लतीफ ने बताया, 'हमें अब भारी उपकरण का उपयोग करना होगा क्योंकि मलबे से लोगों को हाथ से निकलना बहुत मुश्किल है।'
भारत ने सहायत के लिए भेजी राहत सामग्री
बता दें कि सुलावेसी द्वीप पर शुक्रवार को पहले 7.5 तीव्र गति वाला भूकंप आया, उसके बाद छह मीटर (20 फीट) ऊंचाई वाली लहरों की सुनामी ने द्वीप को पूरी तरह से तहस महस कर दिया। इस आपदा के चलते करीब 66000 इमारतें ध्वस्त हो गईं, लोगों को मजबूरन अपना घर छोड़ना पड़ा। इस आपदा से प्रभावित लोगों की सहायता के लिए भारत ने बुधवार को 'ऑपरेशन समुद्र मैत्री' लॉन्च किया। भारत के विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि भारतीय वायुसेना के दो विमान सी-130 जे और सी-17 मानवतावादी सहायता के लिए कुछ डॉक्टरों और राहत सामग्री के साथ बुधवार सुबह इंडोनेशिया के लिए रवाना हुए। इसके अलावा विदेश मंत्रालय ने यह भी बताया कि भारतीय नौसेना के जहाजों आईएनएस तिर, आईएनएस सुजाता और आईएनएस शारदुल को भी मानवीय सहायता और आपदा राहत के लिए भेज दिया गया और ये जहाज संभवतः 6 अक्टूबर को सुलावेसी में पहुंच जायेंगे।

इंडोनेशिया में भूकंप और सुनामी से अब तक 1,234 लोगों की मौत

इंडोनेशिया में भूकंप के बाद आई सुनामी से 380 लोगों की मौत, 500 से अधिक घायल

Posted By: Mukul Kumar