- इंदिरानगर का मामला, एक कंपनी के बिजनेस हेड की पत्नी पर चलाई गोली

- गोली नौकर के शरीर के आर-पार, ट्रामा में भर्ती

LUCKNOW : इंदिरानगर में सोमवार को घर के बाहर पार्किग की रार में पड़ोसियों के बीच खूनी संघर्ष हो गया। दबंग पड़ोसी भाइयों ने महिला की जमकर पिटाई की और विरोध पर असलहे से फायर कर दिया। महिला को बचाने में नौकर को गोली लग गई। नौकर को लोहिया हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां से ट्रॉमा रेफर कर दिया गया। सूचना पर पहुंची इंदिरानगर पुलिस ने एक को गिरफ्तार कर लिया जबकि गोली मारने वाले की तलाश जारी है। दोनों परिवार के बीच विवाद बच्चे के गाड़ी छूने को लेकर शुरू हुआ था।

बच्चे के गाड़ी छूने पर बढ़ा विवाद

इंदिरानगर सेक्टर 12 निवासी अभिषेक कुमार श्रीवास्तव एक निजी कंपनी में जोनल मैनेजर के पद पर कार्यरत हैं। परिवार में पत्नी दीपिका और बेटा अयांश (6) है। उनके दो मकान छोड़ सिविल कोर्ट के वकील अतुल यादवेंद्र अपने भाई शेखर सिंह के साथ परिवार संग रहते हैं। रविवार रात करीब 11.30 बजे दीपिका अपने बेटे अयांश के साथ खाना खाने के बाद बाहर वॉक कर रही थी। घर के बाहर ही शेखर की स्कार्पियो और सेंट्रो गाड़ी खड़ी रहती है। अयांश का हाथ स्कार्पियो में टच कर गया और गाड़ी का सायरन बजने लगा।

गाली गलौज करने पर बढ़ा विवाद

गाड़ी का सायन सुनकर शेखर और उसके भाई अतुल ने बालकनी से गाली गलौज शुरू कर दी। बेटे को गाली देता देख दीपिका ने इसका विरोध किया, जिस पर दोनों भाई नीचे उतर आए और दीपिका को गाली देते हुए उसे धक्का दे दिया। पीडि़त परिवार का आरोप है कि दबंग भाइयों ने गली में ही दीपिका की लात घुसों से पिटाई कर दी। दीपिका ने इसकी जानकारी पति अभिषेक व घर के अन्य सदस्यों को दी। माहौल बिगड़ता देख अभिषेक ने घटना की सूचना पुलिस को दी।

पुलिस के सामने की फायरिंग

अभिषेक की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची गई और दोनों को समझाने लगी। इसी दौरान दबंग भाई हमलावर हो गए। अतुल अपने घर से असलहा निकाल लाया और दीपिका पर फायर झोंक दिया। इस दौरान दीपिका को बचाने आए अभिषेक के नौकर अजय गुप्ता की कमर में गोली छूकर आर पार हो गई। फायर करने के बाद दबंग अतुल फरार हो गया। इसकी सूचना पुलिस ने थाने पर दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने मुख्य आरोपी के भाई शेखर को गिरफ्तार कर लिया।

घायल को ट्रॉमा किया रिफर

घायल अजय को लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे ट्रॉमा रेफर कर दिया गया। वहीं घटना की सूचना पर मौके पर एसपी टीजी व सीओ गाजीपुर पहुंचे। अभिषेक की तहरीर पर दोनों भाइयों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपी अतुल की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।

Posted By: Inextlive