-हड़ताल समाप्त करने को आगे आए शैक्षिक संगठन के पदाधिकारी

-कुलसचिव ने किया कार्यालय में स्टूडेंट्स की समस्या का निस्तारण

आगरा। डॉ। भीमराव आम्बेडकर विश्वविद्यालय में हड़ताल पर बैठे कर्मचारियों को अधिवक्ताओं ने भी अपना समार्थन दिया। कर्मचारी संघ के अध्यक्ष ने फिलहाल हड़ताल समाप्त करने से इंकार कर दिया है। विश्वविद्यालय में स्टूडेंट्स और सुरक्षाकर्मियों के बीच हुए पथराव में घायल कर्मचारी संघ के अध्यक्ष अखिलेश चौधरी ने हड़ताल समाप्त करने से इंकार कर दिया। 19वें दिन भी डिग्री व मा‌र्क्सशीट की समस्या निस्तारण को पहुंचे स्टूडेंट्स को मायूस लौटना पड़ा।

लगातार बिगड़ रहे विवि के हालात

हड़ताल पर चल रहे कर्मचारियों को अधिवक्ताओं का भी समर्थन मिला। इससे पूर्व आवासीय शिक्षक संघ और औटा अपना समर्थन दे चुके हैं। हड़ताल बैठे कर्मचारियों की मदद के लिए विभिन्न शैक्षिक संगठन सामने आ रहे हैं। इससे विवि के हालात और भी बिगड़ते जा रहे हैं। रोजाना सैकड़ों स्टूडेंट्स मायूस होकर लौट जाते हैं, लेकिन इसके बाद भी उच्चाधिकारियों द्वारा हड़ताल समाप्त करने को लेकर कोई पहल नहीं की जा रही है।

कुलसचिव ने खोला अपना कार्यालय

विश्वविद्यालय परिसर कु लसचिव केएन सिंह सहित अन्य अधिकारी अपने कार्यालय में रहे। टीईटी अभ्यर्थियों की समस्या को ध्यान में रखते हुए उनके शैक्षिक प्रमाण पत्रों को अटैस्ट किया गया। कुलसचिव कार्यालय के बाहर कर्मचारी ने सभी के दस्तावेज अपने पास जमाकर लिए, जिन्हें कुलसचिव के समक्ष रखा गया, सभी पर बीएड, स्नातक की नेट की मा‌र्क्सशीट थीं, जिन पर कुलसचिव ने अपने हस्ताक्षर किए। सुबह साढ़े नौ बजे से ही समस्या निस्तारण को पहुंचे स्टूडेंट्स की खासी भीड़ रही, टीईटी एग्जाम में शामिल होने वाले सभी स्टूडेंट्स की समस्या का समाधान कर दिया गया, शेष सभी को वापस लौटना पड़ा।

अध्यक्ष ने रखी मांगें

विश्वविद्यालय में कर्मचारियों की हड़ताल को आज 20वां दिन है। इससे स्टूडेंट्स को खासी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सूत्रों का कहना है कि मंगलवार को एक शिक्षक संघ के पदाधिकारी को हड़ताल समाप्त करने के लिए भेजा गया। लेकिन, कर्मचारी संघ के अध्यक्ष अखिलेश चौधरी ने दोषियों पर आवश्यक कार्यवाई, अपना सीज कार्यालय खोलने की मांग की है।

Posted By: Inextlive