कीडगंज के नेता नगर एरिया में सगी बहनों से छेड़खानी

ALLAHABAD: कीडगंज थाना क्षेत्र के नेता नगर मोहल्ले में सगी बहनों से कुछ युवकों ने छेड़खानी की। जब उन्होंने विरोध किया तो आरोपियों ने उनकी पिटाई कर दी। यही नहीं लड़कियों की मां से भी बदसलूकी करते हुए उन्हें धमकाया। पुलिस ने अमित, उसके भाई व अन्य के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की है।

करते थे अश्लील कमेंट

झूंसी निवासी एक महिला अपनी दो बेटियों के साथ कीडगंज में रहती है। महिला का आरोप है कि अमित अक्सर उनकी बेटियों को देखकर अश्लील कमेंट करता था। बुधवार को भी उसने ऐसी ही हरकत की तो बेटियों ने विरोध किया। इस पर वह गाली-गलौज करने लगा। इसके बाद अपने भाई व कन्हैया लाल जायसवाल समेत अन्य लोगों को बुला लिया। सभी उनकी बेटियों को पीटने लगे। शोर मचने पर मां भी वहां पहुंच गई और विरोध करने लगी तो उसके साथ भी बदसलूकी की। घटना के बाद महिला ने कीडगंज थाने में लिखित शिकायत दी। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है। घटना के पीछे मकान का विवाद भी बताया जा रहा है। सच्चाई का पता लगाया जा रहा है।

Posted By: Inextlive