- रुद्रप्रयाग के भरदार में लैपर्ड का आतंक, तीन दिन में दो लोगों को बनाया निवाला

- फॉरेस्ट डिपार्टमेंट ने लैपर्ड को आदमखोर किया घोषित, शिकारी तैनात

RUDRAPRAYAG: रुद्रप्रयाग में लैपर्ड का आतंक थम नहीं रहा है। वेडनसडे को एक व्यक्ति को निवाला बनाने के बाद लैपर्ड ने एक और महिला को मौत के घाट उतार दिया। मौके पर जमा ग्रामीण शव उठाने से इनकार कर रहे हैं। ग्रामीणों के आक्रोश के बीच प्रमुख वन संरक्षक और मुख्य वन्यजीव प्रतिपालक राजीव भरतरी ने लैपर्ड को आदमखोर घोषित कर मारने के आदेश जारी कर दिए हैं। मौके पर वन विभाग और प्रशासन के अधिकारी मौजूद हैं।

घास लेने जंगल गई थी महिला

रुद्रप्रयाग के भरदार क्षेत्र के बांसी गांव से दस महिलाएं रोज की तरह घास लेने सुबह जंगल गई थीं। इनमें सुधा (32 वर्ष) पत्‍‌नी भगत सिंह भी शामिल थी। सुधा घास काट रही थी कि घाट लगाए बैठे लैपर्ड ने हमला कर दिया। लैपर्ड सुधा को घसीटते हुए करीब डेढ़ किलोमीटर दूर झाडि़यों में ले गया। साथ की महिलाओं ने शोर मचाया और गांव में सूचना दी। कुछ ही देर में बड़ी संख्या में ग्रामीण लाठी डंडों से लैस होकर घटनास्थल पर पहुंचे और सुधा की तलाश शुरू की। सुधा का अधखाया शव झाडि़यों में मिला। गौरतलब है कि छह नवंबर को इसी गांव से सटे सतनी गांव के मदन सिंह को भी लैपर्ड निवाला बना चुका है। दो दिन में दो मौत से गुस्साए ग्रामीणों ने लैपर्ड को आदमखोर घोषित कर मारने की मांग की। ग्रामीणों के गुस्से को देखते हुए डीएम मंगेश घिल्डियाल ने फॉरेस्ट डिपार्टमेंट के अफसरों को मामले की जानकारी दी। उपप्रभागीय वनाधिकारी महिपाल सिंह ने बताया कि चमोली जिले से शिकारी लखपत सिंह को बुलाया गया है। मौके पर एक पिंजरा भी रखा गया है।

Posted By: Inextlive